बहराइच में आंधी-बारिश का कहर, छप्पर गिरने से महिला की मौत और पेड़ की चपेट में आने से भैंस की मौत
बहराइच (उत्तर प्रदेश)। बहराइच जनपद के कैसरगंज क्षेत्र में शनिवार को तेज हवा और बारिश ने जमकर कहर बरपाया। अलग-अलग स्थानों पर हुए दो हादसों में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक भैंस भी पेड़ की चपेट में आकर मर गई। लगातार खराब मौसम के बीच हुए इन हादसों से ग्रामीणों में चिंता का माहौल है।
खाना बनाते समय अचानक गिरा छप्पर, महिला की मौत
कैसरगंज क्षेत्र के देवलखा गांव निवासी 52 वर्षीय ननकई पत्नी कुंतलाल शनिवार सुबह करीब नौ बजे अपने घर पर छप्पर के नीचे खाना पका रही थीं। इसी दौरान अचानक तेज हवा चलने लगी और देखते ही देखते छप्पर भरभराकर उनके ऊपर गिर पड़ा। हादसे में ननकई मलबे के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। परिजनों और आसपास के लोगों ने आनन-फानन में उन्हें बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से सीएचसी कैसरगंज पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर होने के चलते उन्हें बचाया नहीं जा सका। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना पुलिस को मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
दूसरे हादसे में पेड़ की चपेट में आई भैंस
वहीं, कैसरगंज क्षेत्र के कहरई गांव में देर रात तेज हवा के चलते रत्तीपाल यादव के घर के पास लगा पकड़िया का बड़ा पेड़ अचानक धराशायी हो गया। पेड़ गिरने के दौरान उसकी चपेट में रत्तीपाल यादव की भैंस आ गई। पेड़ के नीचे दबने से भैंस की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पेड़ को हटाने का प्रयास किया।
प्रशासन से नुकसान के आकलन और मदद की उम्मीद
लगातार तेज हवा और बारिश से क्षेत्र में नुकसान की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने और आंधी-बारिश से हुए नुकसान का सर्वे कराए जाने की मांग की है।
यह भी पढ़ें: अरुणाचल, मणिपुर और नागालैंड में AFSPA बढ़ा, 1 अक्टूबर से छह महीने लागू रहेगा कानून