बहराइच में बाइक न मिलने से नाराज 19 वर्षीय युवक ने जंगल में फांसी लगाकर दी जान, जांच में जुटी पुलिस
बहराइच (उत्तरप्रदेश)। बहराइच जिले के मिहींपुरवा क्षेत्र में एक 19 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर मोटरसाइकिल न मिलने से नाराज होकर जंगल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। रविवार सुबह उसका शव निधिपुरवा गांव के पास जंगल में एक पेड़ से लटका मिला। सूचना पर पहुंची मुर्तिहा कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मां ने मोटरसाइकिल देने से किया इनकार
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम नई बस्ती निधिपुरवा निवासी शेर (19) पुत्र राम प्रवेश ने शनिवार दोपहर अपनी मां तेतेरी देवी से मोटरसाइकिल मांगी थी। परिजनों के अनुसार, युवक को बाइक ठीक से चलानी नहीं आती थी और वह अक्सर नशे की हालत में रहता था। पहले भी कई बार बाइक से गिरकर घायल हो चुका था, इसलिए उसकी मां ने मोटरसाइकिल देने से इनकार कर दिया।
पेड़ की डाल से लटका मिला शव
बताया गया कि इससे नाराज होकर शेर ने अपना मोबाइल फोन तोड़ दिया और केरल कमाने जाने की बात कहकर घर से निकल गया। देर रात तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रविवार सुबह करीब 11 बजे गांव के पास जंगल में एक पेड़ की डाल से उसका शव फंदे पर लटका मिला।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली मुर्तिहा पुलिस और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए और पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मुर्तिहा कोतवाल यतेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढे़ं: मुरादाबाद में छात्रा को लेकर विवाद के बाद फायरिंग का आरोप, चार लोगों पर केस दर्ज