बलिया में लेखपाल ने न्याय करने की बजाय पीड़ित को ही दी धमकी, अब सीएम योगी से लगाई गुहार
बलिया: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में भू-माफिया का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बांसडीह तहसील क्षेत्र के जितौरा गंगोली गांव में एक ऐसा मामला सामने आया है, जहां दबंगों ने रातों-रात एक व्यक्ति की जमीन पर कब्जा कर रास्ता बना दिया और अब वहां प्लाटिंग कर उसे बेच रहे हैं.। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि जब पीड़ित न्याय की गुहार लेकर लेखपाल के पास पहुंचा तो उसने कार्रवाई करने के बजाय उल्टा पीड़ित को जमीन बेचकर वहां से चले जाने की सलाह दे डाली।
रातों-रात रास्ता निकाल कर प्लाटिंग कर जमीन बेचना किया शुरू
बलिया के टैगोर नगर निवासी शशांक चतुर्वेदी ने करीब 9 महीने पहले जितौरा गंगोली में 16 कट्ठा जमीन खरीदी थी, उनके पास इस जमीन के सभी वैध दस्तावेज मौजूद है। शशांक का आरोप है कि स्थानीय दबंगों ने उनकी जमीन पर कब्जा कर लिया है। दबंगों ने वहां रातों-रात रास्ता निकाल दिया और अन्य लोगों को प्लाटिंग कर जमीन बेचना शुरू कर दिया है।
मुख्यमंत्री पोर्टल से लेकर स्थानीय राजस्व विभाग के अधिकारियों तक लगाई न्याय की गुहार
पीड़ित शशांक चतुर्वेदी का कहना है कि वह मुख्यमंत्री पोर्टल से लेकर स्थानीय राजस्व विभाग के अधिकारियों तक न्याय की गुहार लगा चुके हैं, लेकिन अब तक उनकी सुनवाई नही हुई। हद तो तब हो गई जब वे मामले की शिकायत लेकर लेखपाल के पास पहुंचे। शशांक के मुताबिक, लेखपाल ने कार्रवाई करने के बजाय उनसे कहा, आप तो शरीफ आदमी है, दबंग को जमीन बेचकर यहां से चले जाइए।
झूठे एससी-एसटी एक्ट के मुकदमे में फंसाने की दी धमकी
पीड़ित की पत्नी अनामिका चतुर्वेदी ने बताया कि दबंग न केवल उनकी जमीन पर कब्जा कर रहे हैं, बल्कि उन्हें लगातार धमकी भी दे रहे हैं। अनामिका ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो दबंगों ने उन्हें धमकाते हुए कहा कि अगर उन्होंने कब्जा हटाने या पुलिस से शिकायत करने की कोशिश की, तो उन्हें झूठे एससी-एसटी एक्ट के मुकदमे में फंसा दिया जाएगा।
दबंगों से परेशान होकर सीएम योगी से लगाई गुहार दबंग के डर और प्रशासन की उदासीनता से परेशान शशांक चतुर्वेदी ने अब सीधे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित ने मुख्यमंत्री से मदद की अपील करते हुए कहा है कि उन्हें बेघर होने से बचाया जाए और उनकी जमीन दबंगो के कब्जे से मुक्त कराई जाए।