बलिया पुलिस ने मंदिरों में लूट और चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का किया पर्दाफाश
बलिया (उत्तर प्रदेश)। जनपद बलिया के थाना रसड़ा अंतर्गत पुलिस ने मंदिर में लूट और चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। 06 नवंबर की देर रात लखनेश्वर डीह मंदिर से आम घाट रोड पर चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में जवाबी कार्रवाई के दौरान दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए सदर अस्पताल बलिया भेजा गया है। मौके से पुलिस ने कुल 5 शातिर बदमाशों को दबोचने में सफलता प्राप्त की।
रात करीब 12:50 बजे की घटना
पुलिस के अनुसार, रात करीब 12:50 बजे बिना नंबर प्लेट की एक संदिग्ध इनोवा कार को रुकने का इशारा किया गया था। चालक ने रुकने के बजाय गाड़ी रोककर भागने का प्रयास किया। जब पुलिस टीम ने घेराबंदी की, तो बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षार्थ पुलिस द्वारा की गई फायरिंग में बिहार के पूर्वी चंपारण मोतिहारी निवासी जिशान आलम और चंद्रशेखर कुमार घायल हो गए। इसके साथ ही कार में सवार अन्य तीन साथी सूरज पासवान, चनशेखर कुमार और बाला लखन्दर कुमार सभी निवासी मोतिहारी, बिहार भी गिरफ्तार किए गए।
30 अक्टूबर की रात लखनेश्वर डीह शिव मंदिर में चोरी को स्वीकारा
पूछताछ में बदमाशों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 30 अक्टूबर की रात लखनेश्वर डीह शिव मंदिर के पुजारी को बंधक बनाकर चांदी का नाग और छतरी लूटी थी। इसके अलावा, 11 अक्टूबर की रात जनपद गाजीपुर के थाना कासिमाबाद स्थित पंच मंदिर से राधा-कृष्ण की मूर्ति का मुकुट चोरी करने की घटना में भी यही गिरोह शामिल था। पकड़े गए सभी अभियुक्त बिहार से आकर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के धार्मिक स्थलों को निशाना बनाते थे।
अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी
पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से लखनेश्वर डीह मंदिर से लूटा गया चांदी का नाग, नाग बाबा के ऊपर लगी चांदी की छतरी, पंच मंदिर के मुकुट को गलाकर बनाई गई 300 ग्राम चांदी, दो अवैध तमंचे .315 बोर, दो खोखा व दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। साथ ही घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड, पिलास, पेचकस और टेप भी जब्त किए गए हैं। पुलिस सभी अभियुक्तों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।
यह भी पढ़ें: धनतेरस पर वाराणसी में खुले मां अन्नपूर्णा मंदिर के स्वर्णमयी दरबार के कपाट