बलिया पुलिस ने आभूषण कारोबारी से लूट का खुलासा करत

बलिया में आभूषण कारोबारी से लूट का खुलासा, अंतर्राज्यीय गिरोह के 6 बदमाश गिरफ्तार

Ballia Police Crack Jewellery Robbery Case, Six Interstate Gang Members Held

बलिया (उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश की बलिया पुलिस ने एक लूट का खुलासा किया है। मामला नरही थाना क्षेत्र का है। नरही पुलिस और स्वाट टीम ने स्वतंत्रता दिवस की शाम आभूषण व्यवसायी के साथ हुई लूट की बड़ी वारदात का सफल पर्दाफाश किया है। पुलिस ने बिहार और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से जुड़े अंतर्राज्यीय गिरोह के 6 शातिर लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक ने इस सराहनीय कार्य के लिए पुलिस टीम को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

स्वतंत्रता दिवस की शाम आभूषण व्यवसायी से हुई थी लूट

बीते 15 अगस्त की शाम नरही थाना क्षेत्र में एक आभूषण व्यवसायी अपनी दुकान बंद कर अपने साथी के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते मे घात लगाए अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोकर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने धारा 309(4), 61(2)क, 317(2) BNS के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की थी।

CCTV और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों से 6 बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़े

घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों से मिले सीसीटीवी फुटेज व इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। जांच के दौरान कुल 9 बदमाशों की पहचान हुई, जिनमें से 6 आरोपियों को 20 अगस्त को पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस ने विकास प्रधान, कृष्णा कुमार उर्फ धन्नू यादव, अमन महतो उर्फ राम लखन, मदन कुमार वर्मा, राजू चौरसिया, विशाल चौधरी को गिरफ्तार किया है, ये सभी बिहार के बक्सर, भोजपुर और यूपी के गाजीपुर के निवासी है। बदमाशो के कब्जे से 86400 रुपये नगद, लुटे गए आभूषण, घटना में प्रयुक्त 2 मोटरसाइकिल, एक अवैध तमंचा व 2 जिंदा कारतूस और 2 अवैध चाकू के अलावा घटना में प्रयुक्त 8 मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

लड्डू सेठ निकला साजिश का मास्टरमाइंड, तीन आरोपी फरार

पूछताछ में खुलासा हुआ की पूरी साजिश का मुख्य सूत्रधार लड्डू सेठ उर्फ़ चंद्र प्रकाश वर्मा है। उसी ने आभूषण व्यवसायी की दुकान और आने-जाने के रास्तों की रेकी की थी। वारदात में कुल 9 लोग शामिल थे। जिनमें से मुख्य आरोपी लड्डू सेठ समेत तीन बदमाश अभी फरार है। गिरफ्तार अभियुक्तों का पहले से भी लंबा अपराधिक इतिहास रहा है। वही पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। 

यह भी पढ़े:    बहराइच में 25 हजार के इनामी आरोपी की गिरफ्तारी, थाना परिसर से हुआ था फरार