बलिया में शादी समारोह में गई महिला की तस्वीरें और

बलिया में शादी से महिला की चोरी-छिपे तस्वीरें खींच बनाई अश्लील वीडियो, ब्लैकमेल और धमकी का केस दर्ज

Representative Image (File Photo)

बलिया (उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां शादी समारोह में शामिल होने गई एक महिला की छिपकर तस्वीरें और वीडियो बनाकर उसे एडिट कर अश्लील रूप दे दिया गया। इसके बाद आरोपी ने ये वीडियो पीड़िता और उसके रिश्तेदारों को भेजकर ब्लैकमेल करना और धमकियां देना शुरू कर दिया। पीड़िता की तहरीर पर बांसडीह कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश में जुट गई है।

अनजान नंबरों से लगातार आ रहे थे फोन

घटना बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की है। पीड़िता के अनुसार, कुछ समय से उसके मोबाइल पर लगातार अनजान नंबरों से फोन आ रहे थे। कॉलर महिला पर बातचीत और नजदीकी बढ़ाने का दबाव बना रहा था। मना करने के बावजूद वह अलग-अलग नंबरों से कॉल करता रहा। कड़ाई से पूछने पर उसने अपनी पहचान संजय कुमार, निवासी ग्राम लक्ष्मनपुर, थाना नरही के रूप में दी।

आपत्तिजनक एडिट कर रिश्तेदारों को भेजे

​पीड़िता कुछ दिन पूर्व एक रिश्तेदार के विवाह समारोह में शामिल होने गई थी। आरोप है कि वहां आरोपी संजय चोरी-छिपे पहुंच गया और महिला की तस्वीरें व वीडियो बना लिए। आरोपी ने उन तस्वीरों और वीडियो को आपत्तिजनक ढंग से एडिट किया और फिर पीड़िता, उसके परिजनों व रिश्तेदारों के मोबाइल पर भेजना शुरू कर दिया। जब पीड़िता ने इसका कड़ा विरोध किया, तो आरोपी ने समाज में बदनाम करने और जान से मारने की धमकी देना शुरू कर दिया। शुरुआत में लोक-लाज और डर की वजह से पीड़िता चुप रही, लेकिन जब मानसिक प्रताड़ना हद से बढ़ गई, तो उसने परिजनों को आपबीती सुनाई।

पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की जांच

​परिजनों ने जब आरोपी को समझाने का प्रयास किया, तो उसने नंबर ब्लैकलिस्ट में डालकर अपना फोन बंद कर लिया। लगातार मिल रही धमकियों और अनहोनी की आशंका के बीच पीड़िता ने बांसडीह कोतवाली पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी संजय कुमार के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। ​प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर केस दर्ज कर मामले की गहनता से जांच की जा रही है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। ​(Published By: Ravi Pandey)

यह भी पढ़ें: मीरगंज पुलिस का एक्शन, 315 बोर के तमंचे के साथ 24 वर्षीय युवक गिरफ्तार