बांदा में 17 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध मौत से परिवा

बांदा में शादी से पहले 17 वर्षीय किशोरी की मौत, परिजन बोले- शादी को लेकर थी परेशान

Teen girl’s death leaves family grieving

बांदा (उत्तर प्रदेश)। जिस घर में कुछ समय बाद शादी की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां बीती रात चीख-पुकार मच गई। शहर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में 17 वर्षीय किशोरी ने कमरे के अंदर साड़ी से फांसी लगाकर जान दे दी। बेटी का शव फंदे पर लटका देख मां बदहवास हो गईं। घटना की खबर फैलते ही घर में मातम छा गया और आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए।

परिजनों ने बताया प्रेम प्रसंग और शादी का दबाव

परिजनों के मुताबिक, किशोरी की शादी छतरपुर जिले के बारीखेड़ा गांव में तय हो गई थी। इसी वर्ष उसका विवाह होना था, लेकिन वह इस शादी के लिए तैयार नहीं थी। भाई ने बताया कि किशोरी का गांव के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। परिजनों ने आशंका जताई कि शादी को लेकर उसकी परेशानी इस घटना की वजह हो सकती है। हालांकि, आत्महत्या के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

मां लौटी घर तो फंदे पर लटकी मिली बेटी

बुधवार रात किशोरी की मां सब्जी बेचकर घर लौटीं। कमरे में पहुंचते ही बेटी का शव साड़ी के फंदे से लटका देखा तो उनकी चीख निकल गई। शोर सुनकर आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से नमूने भी जुटाए। मृतका चार बहनों में तीसरे नंबर की थी।किशोरी की मौत से परिवार में गम का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें: बरेली में दंगा नहीं हुआ, प्रशासन ने जानबूझकर लाठी चार्ज कराया : अजय राय