बांदा के अतर्रा थाना क्षेत्र में मंदिर दर्शन करने

बांदा में मंदिर दर्शन के दौरान युवक की मौत, अचानक अचेत होकर गिरा 20 वर्षीय दिनेश

Banda: 20-Year-Old Man Dies After Collapsing During Temple Visit

बांदा (उत्तर प्रदेश)। अतर्रा थाना क्षेत्र के बरेहंडा गांव में सुबह एक हृदयविदारक घटना ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया। बड़ेदेव बाबा मंदिर में दर्शन करने पहुंचे 20 वर्षीय दिनेश उर्फ छोट्टन गुप्ता अचानक अचेत होकर गिर पड़े। उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

पूजा के लिए मंदिर पहुंचे युवक की अचानक बिगड़ी हालत, जमीन पर गिर पड़े

जानकारी के मुताबिक, दिनेश सुबह घर से बड़ेदेव बाबा मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए निकले थे।मंदिर परिसर में दर्शन के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वह जमीन पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल परिजनों को सूचना दी।

सब्जी की ठेली लगाकर परिवार का सहारा बने दिनेश की मौत से मातम

परिजन युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अतर्रा लेकर पहुंचे,जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दिनेश दो भाइयों में सबसे छोटे थे और अविवाहित थे। वह कस्बे में सब्जी की ठेली लगाकर परिवार का सहारा बने हुए थे।बेटे की असमय मौत से मां अनसुइया समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

मौत का कारण अस्पष्ट, पुलिस ने घटना की जानकारी से किया इनकार

गांव में भी घटना के बाद शोक की लहर दौड़ गई। बताया गया कि परिजन पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव को घर ले गए। वहीं,थाना प्रभारी राकेश तिवारी ने घटना की जानकारी होने से इनकार किया है।युवक की मौत का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। यदि पोस्टमार्टम या चिकित्सकीय जांच होती है,तभी मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि हो सकेगी।

यह भी पढ़ें:   खेत के गड्ढे में डूबने से नानी और डेढ़ साल के नाती की मौत