बांदा में कच्ची दीवार की मरम्मत कर रही महिला की दीवार गिरने से मौत
बांदा (उत्तर प्रदेश)। जिस घर की दीवार को संवारने में एक मां जुटी थी,उसी दीवार ने पलभर में उसकी जिंदगी छीन ली। कच्ची दीवार अचानक भरभराकर ढह गई और 55 वर्षीय महिला उसके मलबे में दब गई। परिजनों ने आनन-फानन में मलबा हटाकर उसे बाहर निकाला,लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। हादसे के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। मां को खोने के गम में परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिट्टी लगाते समय अचानक ढही दीवार
दर्दनाक हादसा जसपुरा थाना क्षेत्र की अमारा ग्राम पंचायत में मंगलवार को हुआ। गांव निवासी पच्ची (55) पत्नी भीखम वर्मा अपने घर की कच्ची दीवार पर मिट्टी लगाकर उसकी मरम्मत कर रही थीं। इसी दौरान अचानक दीवार भरभराकर उनके ऊपर गिर गई। महिला मलबे के नीचे दब गईं। घटना के बाद परिजन घबराकर मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकाला,लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी।
पांच बेटों और पांच बेटियों के सिर से उठा मां का साया
महिला की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पति भीखम वर्मा के पांच बेटे और पांच बेटियां हैं। मां की अचानक मौत से पूरा परिवार सदमे में है। घर में जहां कुछ देर पहले तक रोजमर्रा के कामकाज चल रहे थे,वहीं हादसे के बाद मातम छा गया। परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।
मौके पर पहुंची पुलिस, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
हादसे की सूचना मिलने पर जसपुरा थाना प्रभारी राधाकृष्ण तिवारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए बांदा भेज दिया।
सपा नेता ने परिजनों को बंधाया ढांढस
घटना की जानकारी मिलने पर समाजवादी पार्टी के तिंदवारी विधानसभा अध्यक्ष प्रमोद निषाद भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और इस दुख की घड़ी में उन्हें ढांढस बंधाया। एक हादसा,एक परिवार और जिंदगी भर का गम अमारा गांव में महिला की मौत ने हर किसी को झकझोर दिया।
यह भी पढ़ेंः उज्जैन में 20 वर्षीय युवती से चलती कार में सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, दो आरोपियों पर FIR दर्ज