बांदा में मिट्टी खनन से बने 10 फीट गहरे गड्ढे में डूबा 9 वर्षीय शिवा, मौत से गांव में मातम
बांदा (उत्तर प्रदेश)। जिस मां ने सुबह अपने बेटे को खेलते हुए देखा था, शाम होते-होते उसी मां की गोद हमेशा के लिए सूनी हो गई। बिसंडा थाना क्षेत्र के केशवपुरवा गांव में मिट्टी खनन से बने 10 फीट गहरे तालाबनुमा गड्ढे ने एक मासूम की जिंदगी निगल ली। 9 वर्षीय शिवा की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा है।
खेलने निकला था शिवा
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी रामप्रकाश का 9 वर्षीय बेटा शिवा शुक्रवार दोपहर घर से खेलने निकला था। रास्ते में गोवंश चरा रही उसकी दादी सुंता देवी ने उसे देखकर घर वापस भेज दिया, लेकिन कुछ देर बाद वह फिर चुपचाप निकल गया। किसी को क्या पता था कि यह उसकी आखिरी बार घर से बाहर जाना होगा।
गड्ढे में डूबा मासूम
घर से करीब 500 मीटर दूर शंभू सिंह के खेत में मिट्टी की खुदाई के कारण करीब 10 फीट गहरा तालाबनुमा गड्ढा बन गया था। गर्मी से राहत पाने के लिए शिवा वहां नहाने उतर गया, लेकिन गहराई का अंदाजा नहीं लगा और पानी में समा गया।
तलाश के बाद मिला शव
शाम करीब पांच बजे खेत से लौटी मां गुट्टू देवी ने बेटे को घर में नहीं देखा तो बेचैनी बढ़ गई। पहले आसपास तलाश की, फिर परिजन और ग्रामीण भी खोज में जुट गए। कुछ देर बाद तालाबनुमा गड्ढे के किनारे शिवा की शर्ट पड़ी मिली। यह दृश्य देखते ही सभी के दिल बैठ गए। ग्रामीण तुरंत पानी में कूद पड़े और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद शिवा को बाहर निकाला।
डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
उम्मीद की आखिरी डोर थामे परिजन उसे सीएचसी बिसंडा लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। यह खबर सुनते ही मां बदहवास होकर रो पड़ी और पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया।
खेत में बने गड्ढे ने ली जान
मृतक के पिता रामप्रकाश ने बताया कि बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के लिए मिट्टी निकाले जाने से छह बीघा खेत में गहरा गड्ढा बन गया था, जो अब तालाब का रूप ले चुका है। शिवा दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था और गांव के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा चार का छात्र था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
बिसंडा थाना प्रभारी सीपी तिवारी ने बताया कि खेत में बने गहरे तालाब में डूबने से बालक की मौत हुई है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े: भारत पेट्रोलियम के टैंकर से डीजल चोरी करते दो आरोपी गिरफ्तार, 45 लीटर डीजल बरामद