बांदा के पैलानी थाना क्षेत्र में सड़क पर अचानक मवे

बांदा में सड़क पर मवेशी को बचाने के चक्कर में बुलेट सवार युवक की दर्दनाक मौत, दो गंभीर रूप से घायल

Banda: Bullet rider dies, two injured while trying to save cattle

बांदा (उत्तर प्रदेश)। सड़क पर अचानक सामने आए मवेशी को बचाने की कोशिश तीन परिवारों के लिए जिंदगीभर का दर्द बन गई। पैलानी थाना क्षेत्र के अमलोर-पिपरहरी के बीच देर रात बुलेट सवार तीन लोग मवेशी से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। अस्पताल ले जाने के बाद उपचार के दौरान प्रभात चतुर्वेदी की मौत हो गई,जबकि दो अन्य घायल जिंदगी के लिए जंग लड़ रहे हैं। 

बुलेट सवारों की मवेशी से टक्कर और प्रभात की मौत

बताया गया कि एजाज पुत्र चुन्नू,मिराज निवासी बरसाना खुर्द थाना गिरवां और प्रभात चतुर्वेदी पुत्र नरेंद्र चतुर्वेदी निवासी चिरूल धाम,कोतवाली औरैया बुलेट से बांदा की ओर जा रहे थे। अमलोर-पिपरहरी के बीच अचानक सड़क पर मवेशी आ गया। उसे बचाने के प्रयास में बुलेट मवेशी से जा टकराई। हादसे में तीनों घायल हो गए। 

घायलों को अस्पताल पहुंचाना और इलाज के दौरान मौत

राहगीरों ने तत्काल खपटिहा चौकी पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर 112 की मदद से घायलों को जसपुरा सीएचसी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर तीनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। यहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने प्रभात चतुर्वेदी को मृत घोषित कर दिया। एजाज और मिराज का उपचार जारी है।

छह महीने से बांदा में रहकर परिवार के लिए मेहनत कर रहे थे प्रभात

परिजनों के मुताबिक प्रभात करीब छह महीने से बांदा के सिविल लाइन इलाके में किराए के कमरे में रह रहे थे। वह विद्युत विभाग में प्राइवेट ठेकेदारी का काम करते थे। पैलानी में विद्युत कार्य के सिलसिले में गए थे और काम पूरा करने के बाद वापस लौट रहे थे। लेकिन रास्ते में हुआ हादसा उन्हें हमेशा के लिए परिवार से दूर कर गया।

चार साल का मासूम अब किसे कहेगा पापा?

प्रभात की शादी वर्ष 2021 में इटावा जिले के बसेयर गांव में हुई थी। उनका चार वर्षीय बेटा अरनव है।चार भाइयों में प्रभात तीसरे नंबर के थे।पिता की मौत की पूरी हकीकत से अनजान मासूम अरनव के सिर से पिता का साया उठ गया। घटना की खबर घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया।पत्नी विद्या देवी और मां चुन्नी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। खपटिहा कलां चौकी प्रभारी केपी सिंह ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा भरवाया।इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

यह भी पढ़ें:   नालंदा में पारिवारिक विवाद में पति ने हथौड़े से वार कर की पत्नी की हत्या, हिरासत में आरोपी