बांदा में नाबालिग चचेरी बहन से दुष्कर्म का आरोप, 20 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया
बांदा (उत्तर प्रदेश)। जनपद से जिस रिश्ते में सुरक्षा और भरोसे की उम्मीद होती है, उसी रिश्ते पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। बिसंडा थाना क्षेत्र के एक गांव में 20 वर्षीय युवक पर अपनी नाबालिग चचेरी बहन के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
किशोरी को गुटखा मंगवाने के बहाने से घर बुलाया
पीड़िता की मां के मुताबिक, आरोपी ने करीब एक माह पहले गुटखा मंगवाने के बहाने किशोरी को घर बुलाया था। आरोप है कि वहां उसने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया और किसी को घटना बताने पर जान से मारने की धमकी दी। भयभीत किशोरी शुरुआत में चुप रही। मां ने आरोप लगाया कि युवक ने इसके बाद भी कई बार इस वारदात को अंजाम दिया।
रोते हुए घर पहुंची बेटी, मां के सामने खुला मामला
मां के अनुसार, करीब दस दिन पहले हुई कथित घटना के बाद किशोरी रोते हुए घर पहुंची। बेटी को इस हालत में देखकर मां ने कारण पूछा तो उसने अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी।मामला परिवार से जुड़ा होने और सामाजिक दबाव के कारण शिकायत करने में देरी हुई। आखिरकार मां ने हिम्मत जुटाकर 12 अक्टूबर को थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी।
पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल
मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।क्षेत्राधिकारी कृष्णकांत त्रिपाठी ने बताया कि मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
यह भी पढ़ें: PM मोदी बोले, दुनिया के साथ और दुनिया के लिए आगे बढ़ता है भारत, स्टार्टअप और डिजिटल इनोवेशन पर दिया जोर