बांदा में कोतवाली देहात पुलिस ने जुए के बड़े अड्डे

बांदा में जुए के बड़े अड्डे पर पुलिस का छापा, 8 आरोपी गिरफ्तार और ₹2.06 लाख नकद समेत वाहन बरामद

Banda Police Bust Gambling Den, 8 Arrested With Cash and Vehicles Seized

बांदा (उत्तर प्रदेश)। जनपद में अपराध और अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसने के अभियान के तहत कोतवाली देहात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जुए के एक बड़े अड्डे का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मवई बाईपास रोड स्थित नशा मुक्ति केंद्र के पास हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे 8 लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

पुलिस के अनुसार देर शाम मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग संगठित होकर ताश के पत्तों से बड़े पैमाने पर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष संजीव कुमार चौबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर छापेमारी की। पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहे सभी आरोपियों को मौके से दबोच लिया गया।

छापेमारी में नकदी, वाहन और मोबाइल बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने ₹2,06,610 नकद, 52 ताश के पत्ते, 9 मोबाइल फोन, 1 मोटरसाइकिल और 3 चार पहिया वाहन बरामद किए। बरामद नकदी और वाहनों को कब्जे में लेकर पुलिस ने जब्त कर लिया है।

सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत दर्ज हुआ मुकदमा

पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई को जिले में अवैध जुआ और संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धारा 13 के तहत कोतवाली देहात थाने में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। 

यह भी पढ़े:   औरंगाबाद पुलिस का बड़ा अभियान, एक रात में 54 गिरफ्तार, 290 लीटर शराब जब्त