बांदा के नरैनी में आधी रात जुए की महफिल पर पुलिस का छापा, 11 गिरफ्तार
बांदा (उत्तर प्रदेश)। नरैनी में आधी रात को जुए की महफिल सजी थी। हार-जीत की बाजी लग रही थी और दांव पर हजारों रुपये लगे थे।तभी पुलिस ने अचानक धावा बोल दिया। मौके से 11 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस की इस कार्रवाई में 1 लाख 31 हजार 970 रुपये नकद,10 मोबाइल फोन,एक कार और तीन मोटरसाइकिलें बरामद हुई हैं।जुआ खेलने के आरोप में पकड़े गए सभी 11 लोगों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस की दबिश,रंगेहाथ पकड़े गए 11 लोग
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत नरैनी पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक,28 और 29 सितंबर की दरम्यानी रात पुलिस गश्त और चेकिंग कर रही थी।इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि बांदा रोड स्थित नरैनी राइस मिल के पास पंकज के ऑफिस में कुछ लोग जुए की बाजी लगा रहे हैं।सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक भास्कर मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की।पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।पुलिस ने मौके से 11 लोगों को पकड़ लिया और जुए की फड़ से नकदी समेत अन्य सामान बरामद किया।
फड़ से लाखों की नकदी,चार वाहन भी सीज
पुलिस ने मौके से कुल 1,31,970 रुपये,ताश की दो गड्डियों के 104 पत्ते और 10 मोबाइल फोन बरामद किए। इसके साथ ही एक कार और तीन मोटरसाइकिलें भी कब्जे में लेकर सीज कर दी गईं। पुलिस के अनुसार,ये वाहन घटना में प्रयुक्त हुए थे।
गिरफ्तार आरोपियों में नरैनी के कई मोहल्लों के निवासी
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान राजकरन,अजय,रघुवंश उर्फ डब्बू,अनिल,चंचल,शरीफ,जितेन्द्र,रमजानी,नन्द किशोर,सिम्मी जीएल और पंकज के रूप में हुई है।सभी नरैनी थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
जुआ अधिनियम में मुकदमा दर्ज
नरैनी पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 269/26 के तहत धारा 3/4 जुआ अधिनियम में मामला दर्ज किया है।छापेमारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक भास्कर मिश्रा,उपनिरीक्षक अनिल कुमार साहू,कांस्टेबल आदर्श पाण्डेय आदि थे।
यह भी पढ़ें: औरंगाबाद पुलिस के अभियान में 36 गिरफ्तार, 28 अभियुक्त न्यायिक हिरासत में