केन नदी के किनारे मिलने वाला बांदा का प्रसिद्ध और

अंतरराष्ट्रीय मंच पर चमकेगा बांदा का दुर्लभ शजर पत्थर, यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 में होगी विशेष प्रस्तुति

अंतरराष्ट्रीय मंच पर चमकेगा बांदा का दुर्लभ शजर पत्थर

बांदा: केन नदी के किनारे मिलने वाले दुर्लभ शजर पत्थर की खूबसूरती अब देश की सीमाएं लांघकर अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचने की तैयारी में है। बांदा की पहचान बन चुका यह अनोखा पत्थर अब ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 में अपनी चमक बिखेरेगा। यहां शजर पत्थर के दो विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां दुनिया भर के व्यापारियों और संभावित खरीदारों को बांदा के पारंपरिक हस्तशिल्प का दीदार करने का मौका मिलेगा। इस आयोजन से जिले के शजर कारोबार को नए बाजार और बड़े ऑर्डर मिलने की उम्मीद जगी है।

बांदा का प्रसिद्ध शजर पत्थर अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर बिखेरेगा अपनी खूबसूरती

बांदा के शजर पत्थर की खूबसूरती किसी कुदरती करिश्मे से कम नहीं है। इसकी सबसे बड़ी खासियत पत्थर के भीतर उभरने वाली पेड़-पौधों जैसी प्राकृतिक आकृतियां हैं। इन अद्भुत डिजाइनों को देखकर ऐसा लगता है मानो कुदरत ने खुद पत्थर पर तस्वीरें उकेर दी हों। कुशल कारीगर अपनी बारीक तराश और मेहनत से इन्हें आकर्षक कलाकृतियों और सजावटी उत्पादों का रूप देते हैं। अब यही अनोखी खूबसूरती अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित होगी।

बांदा के दो उद्यमी इंटरनेशनल ट्रेड शो में करेंगे शजर पत्थर के उत्पादों का प्रदर्शन

उद्योग विभाग के संयुक्त आयुक्त सुधीर श्रीवास्तव के अनुसार, एक जनपद-एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के तहत बांदा के दो उद्यमियों द्वारिका प्रसाद सोनी और अर्जुन गुप्ता का चयन किया गया है। दोनों उद्यमी ग्रेटर नोएडा में अपने-अपने स्टॉल लगाकर शजर पत्थर से तैयार विशेष हस्तशिल्प उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे। यहां उन्हें देश-विदेश के व्यापारियों से सीधे जुड़ने और अपने उत्पादों को नए बाजारों तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा। इंटरनेशनल ट्रेड शो में बांदा के शजर की मौजूदगी स्थानीय हस्तशिल्प उद्योग के लिए नए अवसरों का दरवाजा खोल सकती है।

ये भी पढ़ें- बलिया को स्वच्छ व झोपड़ी मुक्त बनाने की मुहिम, डीएम ने दिए निर्देश