बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के बफर क्षेत्र में पनीहाई बा

बांधवगढ़ में शावक संग दिखी पनीहाई बाघिन, मनमोहक वीडियो वायरल

Bandhavgarh Tigress Panihai Spotted with Cub

उमरिया,(मध्य प्रदेश)। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की चर्चित बाघिन पनीहाई एक बार फिर अपने शावक के साथ नजर आई है। बफर क्षेत्र में कैमरे में कैद हुए इस खूबसूरत पल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में शावक पानी में बैठा दिखाई दे रहा है, जबकि पनीहाई बाघिन पानी के किनारे सतर्क होकर अपने शावक पर नजर रखती दिख रही है। मां और शावक का यह प्राकृतिक दृश्य वन्यजीव प्रेमियों और पर्यटकों को बेहद पसंद आ रहा है।

करीब सात वर्ष की है पनीहाई

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के गाइडों के अनुसार पनीहाई की उम्र करीब सात वर्ष है। उसने पनपथा बफर के पचपेड़ी क्षेत्र में अपनी टेरिटरी बना रखी है और अक्सर इसी इलाके में उसकी मौजूदगी दर्ज की जाती है। शांत स्वभाव के कारण पनीहाई पर्यटकों की पसंदीदा बाघिन मानी जाती है। सफारी के दौरान वह कई बार सहज रूप से दिखाई देती है, लेकिन शिकार के समय उसकी फुर्ती और ताकत किसी भी अन्य बाघ से कम नहीं होती।

शिकार की गतिविधियों पर भी नजर

वन्यजीव विशेषज्ञों का कहना है कि बाघ और बाघिन गर्मी तथा उमस से राहत पाने के लिए अक्सर पानी में बैठते हैं। इससे उनके शरीर का तापमान नियंत्रित रहता है। कई बार वे पानी के किनारे छिपकर शिकार की गतिविधियों पर भी नजर रखते हैं, जिससे उन्हें शिकार करने में आसानी होती है।

1 जुलाई से 30 सितंबर तक पर्यटकों के लिए बंदः बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व

गौरतलब है कि बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व का कोर जोन हर वर्ष की तरह 1 जुलाई से 30 सितंबर तक मानसून के कारण पर्यटकों के लिए बंद रहता है। इसके बावजूद बफर जोन में सफारी जारी है और यहां आने वाले पर्यटकों को बाघ, तेंदुआ, भालू तथा अन्य वन्यजीवों के रोमांचक दर्शन हो रहे हैं। पनीहाई और उसके शावक का यह ताजा वीडियो भी बफर क्षेत्र से सामने आया है, जिसने एक बार फिर बांधवगढ़ की समृद्ध वन्यजीव विरासत और प्राकृतिक सुंदरता की झलक दुनिया के सामने पेश की है। 

यह भी पढ़ेंः टैंकर हमले में भारतीय नाविक की मौत के बाद भारत ने ईरानी राजनयिकों को तलब किया