मुंगेर में मांगों को लेकर बैंक कर्मियों का हल्लाबोल, 145 शाखाओं में काम ठप
मुंगेर (बिहार)। बैंकिंग व्यवस्था में बदलाव और लंबित मांगों को लेकर शुक्रवार को बैंक कर्मियों की हड़ताल से जिले की बैंकिंग व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित रही। यूनाइटेड फोरम आफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के आह्वान पर जिले की सभी 145 बैंक शाखाओं में कामकाज ठप रहा। बैंक कर्मियों ने बड़ी बाजार स्थित एसबीआई मेन ब्रांच के समीप बैनर तले प्रदर्शन कर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।
जिले में करीब 40 करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित
एक दिन की हड़ताल से जिले में करीब 40 करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित होने का अनुमान है। शनिवार और रविवार को साप्ताहिक अवकाश रहने के कारण लगातार तीन दिनों तक सामान्य बैंकिंग सेवाओं पर असर रहेगा। यूएफबीयू के मुंगेर प्रतिनिधि ध्रुव कुमार मिश्रा ने बताया कि पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने, पीएलआई योजना को वापस लेने अथवा इसके क्रियान्वयन पर रोक लगाने समेत लंबित मांगों का शीघ्र समाधान करने की मांग को लेकर हड़ताल की गई है।
मांगों के समाधान में लगातार हो रही देरी
बैंक कर्मियों ने कहा कि मांगों के समाधान में लगातार हो रही देरी के कारण आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है। हड़ताल में निजी बैंकों के कर्मियों से भी शामिल होने का आह्वान किया गया था। बैंक बंद रहने से ग्राहकों को नकद जमा-निकासी, चेक क्लीयरेंस सहित कई सामान्य बैंकिंग कार्यों के लिए परेशानी हुई। हालांकि, डिजिटल बैंकिंग और एटीएम सेवाएं उपलब्ध रहीं, लेकिन शाखाओं से जुड़े कार्य प्रभावित रहे।
28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिवसीय अखिल भारतीय बैंक हड़ताल प्रस्तावित
ध्रुव कुमार मिश्रा ने बताया कि 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिवसीय अखिल भारतीय बैंक हड़ताल प्रस्तावित है। मांगों का समाधान नहीं होने पर 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी गई है। वहीं, 12 सितंबर को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में सभी बैंकों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
यह भी पढ़ेंः अवैध शराब के खिलाफ नरसिंहपुर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, 7 पेटी अंग्रेजी शराब सहित आरोपी गिरफ्तार