बाराबंकी में लखनऊ-बहराइच हाईवे पर ट्रेलर और डंपर क

बाराबंकी में ब्रेक फेल होते ही ट्रेलर डंपर से टकराया, एक घंटे जाम में फंसे रहे लोग

Barabanki: Brake failure causes trailer-dumper crash, 1-hour traffic jam ensues

बाराबंकी (उत्तर प्रदेश)। जनपद बाराबंकी के रामनगर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह लखनऊ-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर केजीएन रॉयल ढाबा के पास सड़क हादसा हो गया। हादसे में गिट्टी लादकर बहराइच जा रहा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर डंपर से टकरा गया। दुर्घटना के बाद हाईवे पर करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। हालांकि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

चार पहिया वाहन चालक के अचानक ब्रेक लगाने से अनियंत्रित हुई ट्रेलर 

जानकारी के अनुसार, लखनऊ की ओर से एक ट्रेलर गिट्टी लादकर बहराइच की तरफ जा रहा था। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार बस समेत कई छोटे वाहन आ रहे थे। बताया जा रहा है कि एक चार पहिया वाहन चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया, जिससे ट्रेलर चालक को वाहन नियंत्रित करने में परेशानी हुई। इसी बीच ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क पर चल रहे डंपर से जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों को नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

वाहन अनियंत्रित होकर डंपर से टकराई

ट्रेलर चालक तौसीब निवासी फखरपुर, बहराइच ने बताया कि वह लखनऊ से गिट्टी लेकर बहराइच जा रहा था। अचानक सामने आए वाहन को बचाने के प्रयास में ट्रेलर अनियंत्रित हो गया और डंपर से टकरा गया। चालक के अनुसार वाहन में तकनीकी खराबी आ गई थी और ब्रेक फेल होने के कारण हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में सभी लोग सुरक्षित हैं।

मौके पर पहुंची पुलिस 

हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित हो गया। सूचना मिलते ही रामनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात व्यवस्था बहाल कराने में जुट गई। जाम बढ़ने पर पुलिस ने पुराने गणेशपुर-लखनऊ-बहराइच मार्ग से वाहनों का आवागमन शुरू कराया, जिससे लोगों को राहत मिली।

एक घंटे की मशक्कत के बाद यातायात सामान्य

रामनगर थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि दो बड़े वाहनों की टक्कर के कारण हाईवे पर जाम लग गया था। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद यातायात सामान्य करा दिया गया। उन्होंने बताया कि हादसे में किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और वाहनों का आवागमन सुचारु करा दिया।

यह भी पढ़ेंः   दिल्ली में 10वीं मंजिल से गिरकर पांच वर्षीय बच्ची की मौत, बालकनी से हुआ दर्दनाक हादसा