बाराबंकी में तेज रफ्तार टैंकर की टक्कर से जीजा की मौत, साली गंभीर घायल, चालक की तलाश जारी
बाराबंकी {उत्तर प्रदेश}: लखनऊ-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठी उसकी साली गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा रामनगर थाना क्षेत्र में दुर्गापुर के आगे संजय सेतु के पास स्थित तीव्र मोड़ पर हुआ। मृतक की पहचान अनिकेत वर्मा (21) पुत्र रामसुमेर वर्मा निवासी छेदी पुरवा मजरा बटुरहा, थाना फखरपुर, तहसील कैसरगंज, जनपद बहराइच के रूप में हुई है।
अयोध्या घूमने के बाद लौट रहे थे
जानकारी के अनुसार, अनिकेत वर्मा की शादी संतोषी वर्मा (20) पुत्री प्रेम कुमार वर्मा निवासी रोशनलाल पुरवा, थाना फखरपुर से हुई थी। सोमवार को दोनों अयोध्या घूमने के बाद बाराबंकी के रामनगर थाना क्षेत्र के बड़नपुर गांव स्थित अनिकेत के बड़े भाई मस्तराम की ससुराल पहुंचे थे।
परिवार के समझाने पर लौट रहे थे घर
परिजनों के मुताबिक, संतोषी के मायके पक्ष से किसी विवाद को लेकर नाराजगी और धमकी मिलने के बाद अनिकेत अपनी पत्नी को लेकर अपने भाई के यहां आ गया था। दोनों मंगलवार रात वहीं रुके। बुधवार सुबह परिवार के लोगों ने उन्हें समझाकर घर वापस जाने को कहा। इसके बाद अनिकेत बाइक से संतोषी को लेकर बहराइच लौट रहा था।
तेज रफ्तार टैंकर ने मारी जोरदार टक्कर
इसी दौरान रामनगर क्षेत्र में संजय सेतु के पास तीव्र मोड़ पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार टैंकर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि अनिकेत सड़क पर गिर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि संतोषी गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पीआरबी-112 की टीम ने घायल को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। हादसे के बाद हाईवे पर करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया। रामनगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त टैंकर और बाइक को कब्जे में लेकर यातायात व्यवस्था बहाल कराई।
टैंकर चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने टैंकर संख्या UP 32 EN 6515 और मोटरसाइकिल संख्या UP 40 BL 7190 को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद टैंकर चालक मौके से फरार हो गया।
शादी वाले घर में पसरा मातम
परिजनों के अनुसार, संतोषी की शादी टूटने के बाद उसकी छोटी बहन रिंकी की शादी बुधवार रात पारले मिल, परसंडी चीनी मिल क्षेत्र, बहराइच निवासी राम शंकर के साथ तय कार्यक्रम के अनुसार होनी थी। लेकिन जीजा अनिकेत की मौत की खबर से शादी वाले घर में खुशियां मातम में बदल गईं।
चालक की तलाश जारी
थाना प्रभारी राजबहादुर सरोज ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। टैंकर को कब्जे में ले लिया गया है और हादसे के बाद फरार चालक की तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़े: शाजापुर में मालगाड़ी की चपेट में आने से युवक की मौत, हादसे के कारणों की जांच में जुटी जीआरपी