कंटीले तारों से रास्ता बंद करने और करंट प्रवाहित करने का आरोप, बुजुर्ग दंपती ने एसडीएम से लगाई गुहार
संग्रामपुर (उत्तर प्रदेश)। थाना क्षेत्र के मठिया सोनारी कला गांव में आवागमन का रास्ता कंटीले तारों से बंद करने और रात के समय तारों में कथित रूप से करंट प्रवाहित करने का मामला सामने आया है। गांव निवासी बुजुर्ग महिला चंद्रकली पत्नी जिया लाल ने सोमवार को पति के साथ तहसील पहुंचकर एसडीएम अमेठी को शिकायती पत्र देकर रास्ता खुलवाने और तार हटवाने की मांग की।
कंटीले तार लगाकर रास्ता बंद कर दिया
शिकायत के मुताबिक गाटा संख्या 255 की हदबरारी कराई गई थी। इसके बगल में गाटा संख्या 257 खाद गड्ढा की जमीन है। चंद्रकली का आरोप है, कि लंबे समय से करीब नौ फीट का रास्ता आवागमन के लिए खुला था, लेकिन माथा राम और जगदीश मिश्रा ने कंटीले तार लगाकर रास्ता बंद कर दिया। आरोप है कि रात के समय इन्हीं तारों में करंट भी प्रवाहित किया जाता है, जिससे लोगों की जान को खतरा बना हुआ है।
सूचना पर 112 पुलिस टीम गांव पहुंची
चंद्रकली के अनुसार पूर्व में हुई हदबरारी की रिपोर्ट में खाद गड्ढा की जमीन में न बढ़ने की बात स्पष्ट की गई थी। इसके बावजूद रास्ता बंद किए जाने का आरोप लगाया गया है। पति जिया लाल ने बताया कि सूचना पर 112 पुलिस टीम गांव पहुंची थी। टीम में सिपाही अनीश तिवारी, वीरेंद्र कुमार यादव और प्रदीप कौशिक शामिल थे। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसके बाद माथा राम ने करीब दस लोगों के साथ मिलकर कंटीले तार लगाकर रास्ता बंद कर दिया।
सोमवार को एसडीएम पंकज मिश्रा को शिकायती पत्र सौंपा
शिकायत के बाद चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और करीब चार फीट रास्ता खुलवाया। हालांकि चंद्रकली का कहना है कि पहले से चला आ रहा करीब नौ फीट का रास्ता पूरी तरह खुलवाया जाए और करंट वाले तारों को हटवाया जाए। सोमवार को चंद्रकली ने पति जिया लाल के साथ एसडीएम पंकज मिश्रा को शिकायती पत्र सौंपा। एसडीएम ने मामले का संज्ञान लेते हुए एसएचओ संग्रामपुर और संबंधित क्षेत्रीय लेखपाल को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
यह भी पढ़ेंः ड्यूटी के दौरान 50 वर्षीय कर्मचारी की संदिग्ध मौत, परिजनों ने करंट लगने की जताई आशंका