DUSU Election Results 2026: एबीवीपी का दबदबा, निर्दलीय दीपांशु शौकीन बने उपाध्यक्ष
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव के शनिवार को घोषित नतीजों में पूर्व NSUI सदस्य और निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन ने उपाध्यक्ष पद पर जीत हासिल की, जबकि अध्यक्ष पद पर ABVP का कब्जा बरकरार रहा। चुनाव प्रचार के दौरान नंगे पांव चलने वाले शौकीन ने कहा कि छात्रों ने उन पर जो भरोसा जताया है, वे उस पर खरा उतरने और उनकी समस्याओं को उठाने के लिए काम करेंगे। पूर्व NSUI सदस्य और निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन ने 30,634 वोट हासिल कर यह पद अपने नाम कर लिया।
छात्रों का भरोसा ही मेरी असली जीत है - दीपांशु
जीत के बाद ANI से बातचीत में शौकीन ने कहा, "यह बेहद खुशी की बात है कि छात्रों ने मुझ पर जो भरोसा जताया, मैं उस पर खरा उतरा। छात्रों ने ही मेरा पूरा चुनाव अभियान चलाया और मुझे बड़ा समर्थन दिया।" उन्होंने आगे जोड़ा, "मैं जिस लड़ाई को लड़ने आया था- अपने आपको छात्रों का सच्चा प्रतिनिधि साबित करना और इस भूमिका को सही ठहराना- उसमें मैं सफल रहा हूं।"
नंगे पांव चलने का संकल्प और छात्रों से किया वादा
चुनाव प्रचार के दौरान नंगे पांव चलने के अपने फैसले को याद करते हुए शौकीन ने बताया कि यह उन्हें छात्रों की रोजमर्रा की मुश्किलों की याद दिलाता रहा। उनके शब्दों में, "नंगे पांव चलने की शारीरिक तकलीफ एक निरंतर याद थी। इससे मुझे यह याद आता रहा कि विश्वविद्यालय के 1.5 लाख छात्र भी अपने रोजमर्रा के जीवन में कई तरह की कठिनाइयों का सामना करते हैं। मैंने तय किया था कि अगर मौका मिला, तो मैं उन समस्याओं को सुलझाने की कोशिश करूंगा- यह वादा मैंने आज तक निभाया है।" अपने वायदों को दोहराते हुए शौकीन ने कहा, "छात्रों से किए गए वायदों और उनकी समस्याओं को लेकर मेरा इरादा है कि छात्रों को आवाज दी जाए। इस बार एक जवाबदेह DUSU होगी।"
एबीवीपी का दबदबा, तीन पदों पर परचम लहराया
अध्यक्ष पद पर मुकाबला भी कम दिलचस्प नहीं रहा। ABVP ने यह पद बरकरार रखते हुए जीत हासिल की-यश दबास ने 24,576 वोट पाकर NSUI के विजय मीणा को हराया, जिन्हें 22,523 वोट मिले। सचिव पद पर ABVP की रिया छावड़ी विजयी रहीं, जबकि संयुक्त सचिव पद ABVP के लक्ष्य राज सिंह के नाम रहा। मतगणना पूरी होने के बाद चार केंद्रीय पैनल पदों में से तीन पर ABVP ने कब्जा जमाया। मतगणना उत्तरी परिसर स्थित विश्वविद्यालय स्पोर्ट्स स्टेडियम के मल्टीपरपज हॉल में सख्त सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुई। इस बार चुनाव में ABVP, NSUI के साथ ही अखिल भारतीय छात्र संघ (AISA) और स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) के गठबंधन समेत प्रमुख छात्र संगठनों के 20 उम्मीदवार मैदान में थे।
तीन साल का रिकॉर्ड टूटा, बढ़ा छात्रों का उत्साह
DUSU चुनाव के लिए मतदान शुक्रवार को दो चरणों में दिल्ली विश्वविद्यालय के 52 मतदान केंद्रों पर संपन्न हुआ। इस बार 40.46 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो पिछले तीन वर्षों में सबसे अधिक है। पिछले साल यह आंकड़ा 39.5 प्रतिशत रहा था। अंतिम नतीजों की घोषणा से पहले ही ABVP ने कॉलेज स्तर के कई चुनावों में जीत का दावा किया था। संगठन ने अदिति महाविद्यालय, श्री अरबिंदो कॉलेज (मॉर्निंग), डॉ. बी.आर. आंबेडकर कॉलेज, भारती कॉलेज और शिवाजी कॉलेज में सभी चार प्रमुख पदों पर जीत दर्ज की थी। (भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: दिल्ली विश्वविद्यालय के कई कॉलेजों में ABVP की बड़ी जीत, DUSU पैनल को भी समर्थन का भरोसा