बरेली में दिव्यांग दीपचंद्र सक्सेना की संदिग्ध मौत, संपत्ति विवाद में छोटे भाई पर हत्या का आरोप
बरेली (उत्तर प्रदेश)। बरेली थाना फतेहगंज पश्चिमी कुरतरा गांव में बुधवार सुबह 45 वर्षीय दिव्यांग दीपचंद्र सक्सेना का शव बिस्तर पर मिलने से सनसनी फैल गई। परिजनों ने संपत्ति विवाद में उनके छोटे भाई सतीश पर हत्या का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर फील्ड यूनिट से साक्ष्य जुटवाए। पुलिस ने सतीश समेत चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
चाय लेकर पहुंची भाभी तो खुला मामला
जानकारी के अनुसार, दीपचंद्र मंगलवार रात अपने कमरे में सोए थे। बुधवार सुबह काफी देर तक उनके बाहर नहीं आने पर छोटे भाई सुधीर की पत्नी पूजा चाय लेकर कमरे में पहुंचीं। कई बार आवाज देने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। पास जाकर जगाने का प्रयास किया तो उनके शरीर में कोई हलचल नहीं हुई। यह देखकर पूजा चीख पड़ीं। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। शुरुआती जानकारी में शरीर पर चोट के निशान मिलने की बात सामने आई है।
दो बीघा खेत को लेकर था विवाद
परिजनों के मुताबिक, दीपचंद्र ने गिरवी रखा दो बीघा खेत छुड़ाया था और उस पर खेती कर रहे थे। आरोप है कि इसी खेत में हिस्सा मांगने को लेकर सतीश से विवाद चल रहा था। करीब डेढ़ साल पहले भी दोनों के बीच मारपीट होने और मुकदमा दर्ज होने की बात सामने आई है। हालांकि, हत्या के पीछे संपत्ति विवाद होने की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से शराब के छह पौआ, जिनमें दो खाली बताए गए हैं, और एक डंडा बरामद हुआ है। थाना प्रभारी प्रवीन कुमार के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। सीओ हाईवे ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: अमेठी में वाराणसी-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस पर पथराव, गार्ड घायल; GRP ने दर्ज किया मुकदमा