मीरगंज पुलिस का एक्शन, 315 बोर के तमंचे के साथ 24 वर्षीय युवक गिरफ्तार
बरेली (उत्तर प्रदेश)। मीरगंज पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान एक युवक को अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।
जावेद हुसैन के रूप में हुई आरोपी पहचान
पुलिस के मुताबिक क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान सिरौली चौराहे पर पुलिस टीम को एक युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की और तलाशी ली तो उसके पास से 315 बोर का एक अवैध तमंचा बरामद हुआ। गिरफ्तार युवक की पहचान जावेद हुसैन पुत्र जाबिर हुसैन निवासी पैगानगरी, उम्र 24 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार युवक बरामद तमंचे के संबंध में कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
गुरुग्राम में सब्जी की ठेली लगाता है आरोपी
पूछताछ में जावेद हुसैन ने पुलिस को बताया कि वह गुरुग्राम, हरियाणा में सब्जी की ठेली लगाता है और कभी-कभी गांव आता है। उसने पुलिस को बताया कि तमंचा उसने अपनी सुरक्षा के लिए रखा था। पुलिस के अनुसार युवक अवैध हथियार लेकर घूम रहा था, तभी चेकिंग के दौरान उसे पकड़ लिया गया। इंस्पेक्टर मीरगंज रवि कुमार ने बताया कि चेकिंग अभियान के दौरान एक अभियुक्त को अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने के बाद आवश्यक कार्रवाई पूरी कर उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है। (Published By: Ravi Pandey)
यह भी पढ़ें: गोंडा में चाकू से जानलेवा हमला, तरबगंज पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर रक्तरंजित चाकू किया बरामद