पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल की ओएसडी स्पोर्ट

20वें एशियाई खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी बरेली की स्टार रेस वॉकर प्रियंका गोस्वामी

एशियाई खेलों में भाग ले रहीं प्रियंका गोस्वामी

बरेली: अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर बरेली का नाम एक बार फिर चमकने जा रहा है। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में ओएसडी स्पोर्ट्स ऑफिसर और स्टार रेस वॉकर प्रियंका गोस्वामी 20वें एशियाई खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। उनके मुकाबले को लेकर रेलवे परिवार और खेल प्रेमियों में उत्साह है।

प्रियंका ने रेस वॉक में बनाई अपनी अलग पहचान

प्रियंका ने रेस वॉक में अपनी अलग पहचान बनाई है। वह टोक्यो और पेरिस ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। वर्ष 2022 में बर्मिंघम में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया था। खेल में उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए उन्हें अर्जुन पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है।

कई चुनौतियों का किया सामना

प्रियंका का खेल सफर साल 2012 में मेरठ के कैलाश प्रकाश स्टेडियम से शुरू हुआ। शुरुआती दौर में वह जिमनास्टिक का अभ्यास करती थीं, लेकिन बाद में एथलेटिक्स की ओर रुख करते हुए रेस वॉक को अपना करियर बनाया। जूनियर स्तर से ही उनकी प्रतिभा सामने आने लगी थी। कई बार चोटों का सामना करने के बावजूद उन्होंने कड़ी मेहनत जारी रखी और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई। साधारण परिवार से आने वाली प्रियंका को माता-पिता और छोटे भाई का लगातार सहयोग मिला। वह इज्जतनगर मंडल से एशियाई खेलों में भाग लेने वाली तीसरी महिला खिलाड़ी हैं। प्रतियोगिता से पहले उन्होंने बेंगलुरु में जमकर अभ्यास किया। 

ये भी पढ़ें- पादरी जसपाल भट्टी के निलंबन के बाद चर्च परिसर की बढ़ाई गई सुरक्षा, 24 घंटे कड़ा पहरा