बरेली में ग्राम प्रधान की संदिग्ध मौत, महिला पर ब्लैकमेलिंग और मानसिक प्रताड़ना के आरोप में मुकदमा दर्ज
बरेली (उत्तर प्रदेश)। मीरगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पहुंचा बुजुर्ग गांव में एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां निर्वाचित ग्राम प्रधान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव 21 अक्टूबर 2026 की सुबह उनके कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला।
मृतक के भाई ने पुलिस को दी तहरीर
मृतक के भाई राजेश कुमार पाल ने पुलिस को तहरीर देकर एक महिला पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के अनुसार, उनके भाई पिछले लगभग एक साल से हाथरस जिले के सिकंदराराऊ थाना क्षेत्र की रहने वाली हिना खान के संपर्क में थे। आरोप है कि उक्त महिला उन्हें लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही थी और ब्लैकमेल करके पैसे ऐंठ रही थी।
महिला पर मानसिक उत्पीड़न का आरोप
परिजनों का दावा है कि घटना से ठीक पहले, 20 अक्टूबर को महिला और प्रधान के बीच करीब दो घंटे तक फोन पर लंबी बातचीत हुई थी। महिला के मानसिक उत्पीड़न और टॉर्चर से तंग आकर ही प्रधान ने यह खौफनाक कदम उठाया।
पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा भरा
घटना की सूचना मिलने पर मीरगंज पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा भरा और मृतक के मोबाइल फोन को अपने कब्जे में ले लिया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस से मांग की है कि मोबाइल की फॉरेंसिक जांच, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और व्हाट्सएप चैट को खंगालकर आरोपी महिला के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
आरोपी महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी है बीसीओ मीरगंज अजय कुमार ने बताया कि महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ेंः नेपाल में चक्रवाती तूफान का असर, अगले सप्ताह 200 मिमी से अधिक बारिश का अनुमान