बेंगलुरु के पुलिकेशी नगर में निर्माणाधीन इमारत में संदिग्ध विस्फोट, दो लोग घायल; IED एंगल पर भी जांच
बेंगलुरु (कर्नाटक)। बेंगलुरु के पुलिकेशी नगर इलाके में एक निर्माणाधीन इमारत में संदिग्ध विस्फोट होने से दो लोग घायल हो गए हैं। शहर के पुलिस कमिश्नर ने बुधवार को बताया कि घटना के कारणों की अभी पुष्टि नहीं हुई है और इसमें इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) के इस्तेमाल समेत सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है।
पुलिकेशी नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक निर्माणाधीन घर में अचानक संदिग्ध धमाका हुआ। इस हादसे में एक मजदूर और इमारत का सुरक्षा गार्ड घायल हो गए। पुलिस कमिश्नर सीमांत कुमार सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि अस्पताल से मेडिको-लेगल केस (MLC) रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत मामले की जांच शुरू कर दी। इमारत का ढांचा तैयार था और कुछ हिस्सों में इंटीरियर का काम चल रहा था, जिस दौरान यह घटना हुई।
बैटरी टॉर्च का बटन दबाते ही हुआ धमाका
कमिश्नर ने बताया कि शुरुआती बयानों के मुताबिक, घायलों में से एक ने बैटरी से चलने वाली किसी वस्तु (जिसे उसने टॉर्च बताया था) का बटन दबाया था, जिसके बाद विस्फोट हुआ। हालांकि, दोनों घायलों के बयान आपस में मेल नहीं खा रहे हैं। इनमें से एक घायल अभी भी अस्पताल में भर्ती है, जबकि दूसरे को छुट्टी मिल चुकी है। पुलिस उनके बयानों की सत्यता की पुष्टि करने में जुटी है।
FSL और जांच एजेंसियां सक्रिय
घटना की गंभीरता को देखते हुए एंटी-टेररिज्म सेल (ATC), बॉम्ब डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS) और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीमों ने मौके का मुआयना किया है। कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि फिलहाल IED या किसी अन्य विस्फोटक सामग्री की आधिकारिक पुष्टि नहीं की जा सकती। फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही धमाके के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
सरकार और पुलिस की पैनी नजर
प्रशासन के अनुसार, दोनों घायल बेंगलुरु के बाहर के रहने वाले हैं और उनके बैकग्राउंड की जांच संबंधित राज्यों की पुलिस से कराई जा रही है। इस बीच, सरकार ने मामले का स्वतः संज्ञान (suo motu) लेते हुए केस दर्ज कर लिया है। अधिकारियों ने जनता से किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। (भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: बसवराज बोम्मई का कांग्रेस पर हमला, बोले- पार्टी का सीजेपी में हो विलय