बछरांवा में दिनदहाड़े BEO और शिक्षक पर जानलेवा हमला, टवेरा सवार बदमाशों ने बोलेरो रोककर पीटा
रायबरेली (उत्तर प्रदेश)। बछरांवा थाना क्षेत्र के चुरुवा पश्चिम गांव में बाईपास मार्ग मोड़ के पास मंगलवार को दिनदहाड़े टवेरा सवार चार से पांच अज्ञात बदमाशों ने बोलेरो को ओवरटेक कर रोक लिया और उसमें सवार खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) व एक शिक्षक पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीणों को आते देख हमलावर मौके से फरार हो गए। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।
लखनऊ जा रहे थे बीईओ और शिक्षक
जानकारी के अनुसार, खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) मुकेश कुमार और प्राथमिक विद्यालय छत्ता का पुरवा के शिक्षक राजेश यादव मंगलवार को सरकारी बोलेरो गाड़ी से लखनऊ जा रहे थे। गाड़ी को खीरो निवासी चालक राजकरन चला रहा था, जैसे ही उनकी बोलेरो चुरुवा पश्चिम बाईपास मोड़ के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार टवेरा कार ने उन्हें ओवरटेक कर आगे का रास्ता ब्लॉक कर दिया।
दोनों पर हुआ लगातार हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टवेरा रुकते ही उसमें से चार-पांच अज्ञात युवक उतरे और बिना कुछ कहे बोलेरो सवार बीईओ और शिक्षक पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। अचानक हुए इस हमले से दोनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वे लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। इस बीच, बदमाशों को आक्रामक देख बोलेरो चालक राजकरन जान बचाकर मौके से भाग निकला।
ग्रामीणों को आता देख भागे हमलावर
दिनदहाड़े बीच सड़क पर हो रहे इस हमले को देख और घायलों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण लाठी-डंडा लेकर मौके की तरफ दौड़े। ग्रामीणों को अपनी ओर भारी संख्या में आता देख हमलावर अपनी टवेरा कार में सवार होकर तेजी से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची एम्बुलेंस की मदद से दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बछरावां ले जाया गया। जहाँ डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
क्या बोली पुलिस?
बछरांवा थाना प्रभारी श्याम कुमार पाल ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की गई है। हमलावरों की तलाश में पुलिस टीमें लगा दी गई हैं। तहरीर मिलते ही सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। शुरुआती तौर पर मामला पुरानी रंजिश का लग रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: अमेठी में अंतर्जनपदीय चोरी गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार, 26 बैटरियां और 5 इन्वर्टर बरामद