बेतिया में 20 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध मौत, नाना के घर मिला शव; पिता ने जताई हत्या की आशंका
पश्चिम चंपारण: बेतिया से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां साठी थाना क्षेत्र के राय बरवा गांव में अपने नाना के घर रह रही 20 वर्षीय युवती का शव फंदे से लटका मिला। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। मृतका के पिता ने बेटी की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
नाना के घर रह रही थी छात्रा, छत की कड़ी से लटका मिला शव
दरअसल, पूरा मामला साठी थाना क्षेत्र के राय बरवा गांव के वार्ड नंबर चार का है। गुरुवार शाम करीब चार बजे 20 वर्षीय सलोनी कुमारी का शव उसके मामा के घर में छत की कड़ी से लटका मिला। सलोनी पूर्वी चंपारण जिले के पलनवा थाना क्षेत्र के आनंदीगंज बेलवा निवासी अरुण कुमार की बेटी थी। वह करीब 15 दिनों से अपने नाना के घर रह रही थी और एमजेके कॉलेज में बीए पार्ट-3 की छात्रा थी।
घर लौटने पर नानी ने देखा शव, पुलिस को दी सूचना
बताया जा रहा है कि घटना के वक्त उसकी नानी घर से बाहर गई हुई थीं। वापस लौटने पर उन्होंने सलोनी को फंदे से लटका देखा। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही साठी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेतिया भेज दिया।
पिता ने जताई हत्या की आशंका
इधर, मृतका के पिता ने बेटी की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। उनका कहना है कि सलोनी अपने नाना के घर रहकर नानी की देखभाल करती थी। पिता की आशंका के बाद मामले को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। वहीं, साठी थानाध्यक्ष के अनुसार फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही युवती की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
ये भी पढ़ें: छपरा में शिव चर्चा करने वाले पुजारी की गोली मारकर हत्या, सड़क किनारे मिला शव