बाइक के पहिए में साड़ी फंसने से महिला की मौत, बेटे के साथ जा रही थी
बैतूल (मध्य प्रदेश)। बैतूल-इंदौर फोरलेन पर खेड़ीसावलीगढ़ के समीप कनक वाटर पार्क के पास मंगलवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। चलती बाइक के पहिए में साड़ी फंसने से महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। अस्पताल ले जाते समय महिला ने दम तोड़ दिया।
रिश्तेदार के यहां गमी में जा रही थी महिला, बाइक हुई दुर्घटनाग्रस्त
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान शिवकांती चलदेलकर, निवासी मुलताई के रूप में हुई है। शिवकांती अपने बेटे भानु के साथ बाइक से चिचोली में एक रिश्तेदार के यहां गमी के कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थीं। इसी दौरान कनक वाटर पार्क के पास अचानक उनकी साड़ी बाइक के पहिए में फंस गई, जिससे बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
गंभीर घायल महिला ने रास्ते में तोड़ा दम
हादसे में शिवकांती गंभीर रूप से घायल हो गईं। ग्रामीणों ने तत्काल राष्ट्रीय राजमार्ग हेल्पलाइन नंबर 1033 पर सूचना दी। इसके बाद बंसल कंपनी की एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। एम्बुलेंस पायलट पूरण सिंह राजपूत घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल लेकर रवाना हुए। पूरण सिंह राजपूत के अनुसार हादसे में महिला का काफी रक्तस्राव हो चुका था और अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना संबंधित पुलिस को भी दी गई है।
यह भी पढ़ें: पलवल में KMP एक्सप्रेसवे पर हादसे में ट्रक से टकराई श्रद्धालुओं से भरी पिकअप, 5 की मौत और 15 घायल