बैतूल में 35 वर्षीय युवक ने घर में फांसी लगाकर दी जान, पारिवारिक विवाद के चलते तनाव की आशंका
बैतूल (मध्य प्रदेश)। बैतूल जिले के झल्लार थाना क्षेत्र के ग्राम केरपानी में शनिवार को एक 35 वर्षीय युवक ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने युवक को गंभीर हालत में फंदे से उतारकर तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों उतारकर अस्पताल ले गए
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान मनोज पिता नाथूराम बारस्कर उम्र 35 वर्ष निवासी ग्राम केरपानी, थाना झल्लार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच मनोज ने अपने घर में फांसी लगा ली। कुछ समय बाद जब परिजनों ने उसे फंदे पर लटका देखा तो तत्काल नीचे उतारकर जिला अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल में डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पति-पत्नी के बीच चल रहा पारिवारिक विवाद
परिजनों के अनुसार मनोज बारस्कर की शादी वर्ष 2015-16 में राधिका बारस्कर से हुई थी। पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था। बताया गया कि उनकी पत्नी अपने मायके में रह रही थी और इसी कारण मनोज मानसिक तनाव में थे। परिजनों का कहना है कि लंबे समय से चल रहे विवाद के चलते वह परेशान रहते थे, जिससे यह कदम उठाने की आशंका जताई जा रही है।
घटना के बाद गांव में शोक का माहौल
मृतक खेती-किसानी का कार्य करते थे और अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा और एक बेटी शामिल हैं। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजन गहरे सदमे में हैं।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
पुलिस ने जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।
यह भी पढ़े: बहराइच में जंगली जानवर के हमले में किसान की मौत, जंगल में मिला अधखाया शव