भागलपुर में जिला विधिज्ञ संघ चुनाव प्रचार अंतिम चरण में, कल होगा मतदान; जानिए क्यों अलग है यह चुनाव
भागलपुर {बिहार}: भागलपुर में जिला विधिज्ञ संघ के चुनाव का प्रचार-प्रसार अंतिम चरण में पहुंच गया है। भागलपुर सिविल कोर्ट का पूरा परिसर बैनर और पोस्टरों से पटा हुआ है। 8 जुलाई को 32 डीबीए पदों के लिए 2,972 मतदाता 96 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
मतदान के लिए आठ टेबल की व्यवस्था
डीबीए के सहायक निर्वाचन अधिकारी अधिवक्ता अशोक कुमार राय ने बताया कि चुनाव शांतिपूर्ण, शानदार और व्यवस्थित तरीके से कराया जाएगा। मतदान 8 जुलाई को जिला विधिज्ञ संघ हॉल में सुबह 9:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक होगा। मतदाताओं की सुविधा के लिए आठ टेबल बनाई गई हैं, जहां प्रत्येक टेबल पर लगभग 370 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
लोकसभा और विधानसभा चुनाव से अलग है प्रचार का तरीका
बातचीत के दौरान सहायक निर्वाचन अधिकारी ने प्रचार-प्रसार को लेकर कहा कि जिला विधिज्ञ संघ का चुनाव लोकसभा, विधानसभा और अन्य चुनावों से अलग होता है। यहां प्रत्याशी मतदान के अंतिम समय तक अपने मतदाताओं से संपर्क बनाए रखते हैं और उन्हें अपने पक्ष में मतदान करने के लिए लगातार प्रचार करते रहते हैं।
भागलपुर में वर्षों से चली आ रही है यह परंपरा
उन्होंने बताया कि मतदान समाप्त होने तक प्रचार जारी रखना भागलपुर जिला विधिज्ञ संघ चुनाव की पुरानी परंपरा है और हर चुनाव में प्रत्याशी इसी तरीके से मतदाताओं तक अपनी बात पहुंचाते हैं।
यह भी पढ़े: 48 लाख मुआवजा नहीं चुकाने पर पुलिस विभाग की दूसरी गाड़ी कुर्क, कोर्ट ने बोलेरो भी कराई जब्त