भागलपुर में दंपती की गोली मारकर हत्या, दो दिन से लापता ढाई साल की बच्ची को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश
भागलपुर (बिहार)। इस्माईलपुर थाना क्षेत्र के हटिया में गुरुवार की सुबह अपराधियों ने चाय-नाश्ते की दुकान चलाने वाले दुकानदार रंजन और उसकी पत्नी किरण देवी की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने घटनास्थल पर जुटकर आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की और पुलिस के समक्ष अपना आक्रोश जताया।
दुकान में सो रहे दंपती पर हमला, पत्नी को भी मारी गोली
जानकारी के अनुसार, रंजन और उसकी पत्नी किरण देवी अपनी दुकान में सो रहे थे। इसी दौरान अपराधियों ने रंजन को गोली मार दी। पति को गोली लगने के बाद किरण देवी चिल्लाते हुए जान बचाने के लिए घर की ओर भागने लगी। लेकिन अपराधियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और उसकी आंख में दो गोलियां मार दीं। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
दोहरी हत्या से आक्रोश, ग्रामीणों ने की गिरफ्तारी की मांग
दोहरी हत्या की सूचना मिलते ही इस्माईलपुर और गोपालपुर थाना की पुलिस के साथ सहायक पुलिस अधीक्षक सैयम रजा घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच-पड़ताल शुरू की और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीण आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे, आक्रोशित लोगों ने शव उठाने देने को लेकर भी विरोध जताया।
दो दिन से लापता है मृतक के भाई की बच्ची
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि दो दिन पहले मृतक के भाई की ढाई वर्षीया बच्ची पल्लवी कुमारी लापता हो गई थी. ग्रामीणों का आरोप है कि बच्ची के लापता होने के मामले में पुलिस अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर सकी है। इसी बीच परिवार के दो सदस्यों की गोली मारकर हत्या किए जाने से लोगों में भारी आक्रोश है।
बच्ची की बरामदगी और हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग
ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि जब एक परिवार की छोटी बच्ची दो दिनों से लापता है और अब उसके परिजनों की सरेआम हत्या कर दी गई, तो क्षेत्र में आम लोगों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी? ग्रामीणों ने पुलिस से बच्ची की बरामदगी और दोहरे हत्याकांड में शामिल अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है, हत्या के पीछे की वजह और अपराधियों की पहचान को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
यह भी पढ़ें: चंदौली में बछिया के साथ कथित दुष्कर्म और हत्या का आरोप, पुलिस से कार्रवाई की मांग