कालापीपल गोलीकांड को लेकर भीम आर्मी का कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन, एडीएम को सौंपा ज्ञापन
शाजापुर (मध्यप्रदेश)। शाजापुर जिले के कालापीपल में 25 मई को अहिरवार परिवार के साथ हुई जमीन विवाद और गोलीकांड की घटना को लेकर आक्रोशित भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को शाजापुर कलेक्टर कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए घटना में शामिल दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।
प्रभावशाली लोगों पर पीड़ित परिवार को परेशान करने का आरोप
बता दें कि कालापीपल क्षेत्र में जमीन विवाद के चलते अहिरवार परिवार पर हुए हमले और गोलीकांड की घटना के बाद से क्षेत्र में भारी रोष व्याप्त है। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि प्रभावशाली लोगों द्वारा पीड़ित परिवार को लगातार परेशान किया जा रहा है और कानून-व्यवस्था को चुनौती दी जा रही है। भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता सोमवार को बड़ी संख्या में एकत्रित हुए और जिला मुख्यालय स्थित कलेक्टर कार्यालय पहुँचे।
विवादित जमीन मामले में निष्पक्ष जांच की मांग
यहाँ कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने दोषियों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की। वहीं, उन्होंने पीड़ित अहिरवार परिवार को विवादित जमीन के मामले में निष्पक्ष जाँच कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए।
ADM को सौंपा ज्ञापन
प्रदर्शन के बाद भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने अपनी मांगों को लेकर ADM को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द ही पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला और दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, तो आगामी समय में उग्र आंदोलन किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: बहनोई पर 15 साल तक यौन शोषण और 8 बार जबरन गर्भपात कराने का आरोप, पीड़िता ने मांगी सुरक्षा