भोपाल में वारदात: लूट का विरोध किया तो ई-रिक्शा चालक व साथियों ने युवक को चाकू से गोदा
भोपाल (मध्य प्रदेश)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के बजरिया थाना क्षेत्र से एक बेहद हैरान करने वाला और खौफनाक मामला सामने आया है। यहाँ देर रात भोपाल रेलवे स्टेशन से घर लौट रहे एक युवक के साथ लूटपाट की कोशिश की गई। जब पीड़ित युवक ने इसका विरोध किया, तो ई-रिक्शा चालक और उसके दोस्तों ने मिलकर उस पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया और उसे लहूलुहान हालत में छोड़कर फरार हो गए।
भोपाल रेलवे स्टेशन से अपने घर जा रहा था पीड़ित
पीड़ित युवक सूरज साहू भोपाल रेलवे स्टेशन से अपने घर जा रहा था। शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब ढाई बजे (2:30 AM) की घटना है। यह वारदात बजरिया थाना क्षेत्र के हबीबिया स्कूल के पास, मुख्य मार्गपर हुई। वारदात में आरोपीई-रिक्शा चालक और उसके साथी हैं।
ऐसे हुई पूरी वारदात
पीड़ित सूरज साहू देर रात भोपाल रेलवे स्टेशन पर उतरा था। वहाँ से अपने घर जाने के लिए उसने स्टेशन के बाहर से एक ई-रिक्शा किराए पर लिया। ई-रिक्शा में पहले से ही एक अन्य व्यक्ति सवार था। जब ई-रिक्शा हबीबिया स्कूल के पास मुख्य सड़क पर पहुंचा, तो चालक की नीयत बिगड़ गई। उसने फोन करके अपने एक अन्य साथी को मौके पर बुला लिया। इसके बाद चालक ने अचानक रिक्शा रोका और सूरज को नीचे उतारते हुए आगे जाने से मना कर दिया।
लूट का विरोध करने पर किया हमला
किराए के लेन-देन और सफर बीच में ही छोड़ने को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। इसी दौरान पीछे से आए आरोपी के साथी ने चाकू निकाल लिया और सूरज का पर्स लूटने का प्रयास करने लगा। जब सूरज ने हिम्मत दिखाते हुए लूट का कड़ा विरोध किया, तो बदमाशों ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चाकू के वार से सूरज गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके पैरों में गहरी चोटें आईं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उसे लहूलुहान और अधमरी हालत में सड़क पर ही छोड़कर मौके से फरार हो गए।
पुलिस में की कार्रवाई
घटना के तुरंत बाद घायल सूरज किसी तरह बजरिया थाना पुलिस स्टेशन पहुंचा और मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी ई-रिक्शा चालक और उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस फिलहाल क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए टीमें लगा दी गई हैं।