'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत 38 विद्यार्थियों को वितरित की गईं साइकिलें
अकोदिया: पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत शनिवार को कालापीपल क्षेत्र के ग्राम रानी बड़ौद और हड़लाय कलां में व्यापक वृक्षारोपण एवं पौधा वितरण कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में विधायक घनश्याम चंद्रवंशी ने सहभागिता कर लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनका संरक्षण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एक पौधा केवल वृक्ष नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वच्छ भविष्य का संकल्प है।
कार्यक्रम के दौरान 500 पौधों का किया गया वितरण
ग्राम पंचायत रानी बड़ौद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान करीब 500 पौधों का वितरण किया गया। इनमें स्कूली बच्चों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं तथा ग्रामीणों को पौधे देकर उन्हें अपने घर और आसपास हरियाली बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया। विधायक ने कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक होगा, जब प्रत्येक व्यक्ति उसकी नियमित देखभाल का भी संकल्प ले।
पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
इसके बाद विधायक ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, हड़लाय कलां में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया, जहां बच्चों के साथ पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। यहां 1500 पौधों का वितरण किया गया। इनमें एक हजार पौधे विद्यार्थियों तथा 500 पौधे आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं को प्रदान किए गए।
38 विद्यार्थियों को वितरित की गईं साइकिलें
कार्यक्रम के दौरान मध्यप्रदेश सरकार की नि:शुल्क साइकिल वितरण योजना के तहत दूरदराज के गांवों से पढ़ने आने वाले 38 विद्यार्थियों को साइकिलें वितरित की गईं। साइकिल मिलने पर विद्यार्थियों ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें स्कूल आने-जाने में काफी सुविधा मिलेगी और पढ़ाई नियमित रूप से कर सकेंगे।
कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में ब्लॉक शिक्षा अधिकारी हर्षवर्धन चतुर्वेदी, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष गोविंद मंडलोई, सरपंच विक्रम राठौर, सरपंच शैलेंद्र सिंह परमार, प्रभारी प्राचार्य ओमप्रकाश गोयल, शिक्षकगण, जनप्रतिनिधि, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। अंत में सभी ने अधिक से अधिक पौधे लगाकर कालापीपल क्षेत्र को हरा-भरा बनाने का संकल्प लिया।
ये भी पढ़ें- राम मंदिर के कथित चोरी मामले में SIT को दिया गया 15 दिन का विस्तार