बिहार: रोपाई से लौट रहीं महिलाओं पर गिरा 11 हजार वोल्ट का तार, एक की मौत
औरंगाबाद: खेत से कृषि कार्य कर लौट रही महिला विद्युत संपर्क में आकर बुरी तरह झुलस गई जिसकी मौत हो गई। जबकि इस हादसे में अन्य महिलाएं झुलस गईं। घटना पौथू थाना क्षेत्र के अल्पा गांव की है। मृतका की पहचान उस गांव निवासी कमलेश पासवान 40 वर्षीय देवंती देवी के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार, अल्पा गांव की करीब 13 से 14 महिला मजदूर मंगलवार को गांव के बधार में धान की रोपाई करने गई थीं।
टूटे तार को अंधेरे में नहीं देख पाईं और चपेट में आ गईं
दिनभर खेत में काम करने के बाद सभी महिलाएं देर शाम अपने-अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान रास्ते में 11 हजार वोल्ट का बिजली का तार पहले से टूटकर जमीन पर गिरा हुआ था। अंधेरा होने की वजह से किसी की नजर उस तार पर नहीं पड़ी और महिलाएं सीधे उसकी चपेट में आ गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देवंती देवी के साथ परमा साव की पत्नी और अजय पासवान की पत्नी भी करंट की चपेट में आ गईं। तेज करंट लगते ही तीनों महिलाएं जमीन पर गिर पड़ीं और वहां अफरा-तफरी मच गई।
दो अन्य का इलाज जारी
साथ चल रही अन्य महिलाएं किसी तरह अपनी जान बचाकर गांव पहुंचीं और तुरंत परिजनों को सूचना दी। इसके बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और देवंती देवी को अचेत अवस्था में इलाज के लिए ले जाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। वहीं, झुलसी दोनों महिलाओं का इलाज किया जा रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
परिवार का रो रोकर बुरा हाल
इस हादसे में मृतका देवंती देवी अपने पीछे पति कमलेश पासवान, दो बेटे और एक बेटी को छोड़ गई हैं। हादसे के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव के लोग भी इस हादसे से स्तब्ध हैं। इस हादसे के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। गांव के लोगों का आरोप है कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण यह दर्दनाक घटना हुई है। उनका कहना है कि 11 हजार वोल्ट का तार पहले से टूटा हुआ था, लेकिन उसे हटाने या मरम्मत करने की कोई पहल नहीं की गई। ग्रामीणों ने मृतिका के परिजनों के लिए उचित मुआवजे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।