बिहार: औरंगाबाद में हत्या सहित अन्य मामलों में 31 लोग गिरफ्तार
औरंगाबाद। पुलिस अधीक्षक उपेंद्र कुमार वर्मा के निर्देश पर रविवार की देर रात जिले में विधि-व्यवस्था सुदृढ़ करने और अपराध नियंत्रण को लेकर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान अवैध हथियार, मादक पदार्थ और अन्य अवैध सामग्रियों की तस्करी पर रोक लगाने के साथ संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर विशेष नजर रखी गई। अभियान के फलस्वरूप जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई के फलस्वरूप 31 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें से 16 अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
अभियान जारी रहेगाः एसपी
पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। जानकारी के अनुसार, हत्या के शीर्ष में एक, हत्या प्रयास में दो, मद्य निषेध अधिनियम के तहत छह तथा अन्य मामलों में 22 लोगों की गिरफ्तारी की गई। 30 लीटर देसी शराब, 1680 लीटर स्पिरिट, तीन बाइक एवं एक कार बरामद किया गया है। वाहन जांच अभियान के तहत 1465 वाहनों की जांच की गई जिसमें 100500 रूपये शमन की राशि वसूल की गई।पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा के लिए पुलिस की सक्रियता के साथ विभिन्न इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ताकि अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी के पास भी नशा तस्करी से जुड़ी कोई भी सूचना हो तो पुलिस से साझा करें सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।
इसे भी पढ़ेंः बिहार : एक साल पहले किया था प्रेम विवाह, घर में फंदे से लटका मिला दंपती का शव