बिहार में सीएसपी संचालक को गोली मारकर लूटने वाला आरोपी गिरफ्तार
औरंगाबाद {बिहार}: फेसर थाना क्षेत्र के बद्री बिगहा और पिरौटा गांव के बीच में सीएसपी संचालक को गोली मारकर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले एक आरोपी को पुलिस ने मोहनिया से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी रोहतास जिले के अकोढ़ी थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस ने उसके पास से लूट की बाइक भी बरामद की है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार की सुबह फेसर थाना क्षेत्र में बद्री बिगहा और पिरौटा गांव के बीच बाइक सवार अपराधियों ने सीएसपी संचालक प्रदीप कुमार को ओवरटेक कर रोक लिया था।
सीएसपी संचालक को जांघ में मारी गोली
आरोप है कि अपराधियों ने उनके साथ मारपीट की और जांघ में गोली मार दी। इसके बाद करीब तीन लाख रुपये, लैपटॉप और अन्य सामान लूटकर मौके से फरार हो गये। गोली लगने से घायल सीएसपी संचालक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद औरंगाबाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि लूट की वारदात में शामिल एक आरोपी बाइक से मोहनिया पहुंचा हुआ है।
संयुक्त टीम ने पटना मोड़ पर की घेराबंदी
सूचना मिलने के बाद कैमूर एसपी के निर्देश पर मोहनिया थाना, कुदरा थाना और डीआईयू की संयुक्त टीम गठित की गयी। संयुक्त पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर मोहनिया के पटना मोड़ के पास घेराबंदी की। इसी दौरान संदिग्ध आरोपी को पुलिस ने पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से लूट की बाइक बरामद की गयी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद इसकी सूचना औरंगाबाद पुलिस को दी।
आरोपी से पूछताछ कर रही औरंगाबाद पुलिस
इसके बाद औरंगाबाद पुलिस मोहनिया पहुंची और गिरफ्तार आरोपी को अपने साथ ले गयी। अब औरंगाबाद पुलिस आरोपी से पूछताछ कर लूटकांड में शामिल अन्य लोगों और घटना से जुड़े पहलुओं की जानकारी जुटा रही है। पुलिस पदाधिकारी के अनुसार इसकी गिरफ्तारी से लूट की अन्य घटनाओं का खुलासा होने की संभावना है।
ये भी पढ़ें: सादाबाद में पूर्व फौजी और पत्नी की धारदार हथियार से हत्या, इलाके में मचा हड़कंप