मामले के तीन अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं।

बिहारः फर्जी दस्तावेजों से जमीन हड़पने वाले गिरोह का खुलासा, दो गिरफ्तार

किशनगंज (बिहार )। जिले के गलगलिया थाना क्षेत्र में कथित भूमाफियाओं के खिलाफ पुलिस और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई ने एक बड़े जमीन घोटाले का खुलासा किया है। अंचल प्रशासन की जांच रिपोर्ट के आधार पर दर्ज मामले में गलगलिया पुलिस ने एक पुरुष और एक महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि मामले के तीन अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

पूरे क्षेत्र में फैले हैं भू माफिया

इस पूरे मामले को लेकर भातगांव पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि बृजमोहन उर्फ मुन्ना सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि किशनगंज से लेकर ठाकुरगंज और गलगलिया तक भूमाफियाओं का एक संगठित नेटवर्क लंबे समय से सक्रिय है, जो दबंगई और फर्जी दस्तावेजों के सहारे गरीब एवं कमजोर लोगों की जमीन पर कब्जा करने का प्रयास करता रहा है। मुन्ना सिंह ने बताया कि ठाकुरगंज के अंचल अधिकारी मृत्युंजय कुमार द्वारा की गई विस्तृत जांच में जमीन से जुड़े कई दस्तावेजों में अनियमितता और कथित फर्जीवाड़े के प्रमाण सामने आए थे। जांच रिपोर्ट के बाद पांच लोगों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कराया गया। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक कार्रवाई के बाद अब पुलिस ने भी सख्त रुख अपनाते हुए आरोपियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।

पुलिस-पब्लिक संवाद कार्यक्रम में उठाया था मामला

उन्होंने याद दिलाया कि कुछ माह पूर्व गलगलिया थाना परिसर में पुलिस-पब्लिक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसमें जिले के पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मौजूद थे। उस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भूमाफियाओं के खिलाफ आवाज उठाई थी और कठोर कार्रवाई की मांग की थी। लोगों की शिकायतों और प्रशासनिक जांच के बाद अब कार्रवाई का परिणाम सामने आने लगा है। प्रेस वार्ता के दौरान मुन्ना सिंह ने कहा कि कुछ लोगों ने उन्हें आरटीआई, शिकायतों और अन्य माध्यमों से मानसिक रूप से परेशान करने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने न्याय की लड़ाई नहीं छोड़ी। उन्होंने दावा किया कि आखिरकार सच्चाई की जीत हुई है और कानून ने अपना काम किया है। उनका कहना था कि दूसरे की जमीन को अवैध तरीके से बेचने और लोगों को लालच देकर संपत्ति हड़पने की प्रवृत्ति अब ज्यादा दिनों तक नहीं चल सकेगी। उन्होंने कहा कि गरीबों और कमजोर तबके के लोगों की जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ वे आगे भी आवाज उठाते रहेंगे। यदि जरूरत पड़ी तो इस मामले को राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक ले जाकर जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को भी अवगत कराया जाएगा। 

पुलिस की कार्यशैली की सराहना

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुन्ना सिंह ने किशनगंज पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में जिले में अपराधियों, भूमाफियाओं, कोयला माफियाओं, मवेशी तस्करों तथा अन्य अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।  फिलहाल इस कार्रवाई के बाद इलाके में भूमाफियाओं के खिलाफ चल रहे अभियान की चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि प्रशासन और पुलिस इसी तरह निष्पक्ष कार्रवाई करती रही तो जमीन संबंधी विवादों और फर्जीवाड़े पर काफी हद तक अंकुश लगाया जा सकेगा। अब सभी की नजर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले की आगे की जांच पर टिकी हुई है।

इसे भी पढ़ेंः दाउद इब्राहिम और उसके गिरोह से हत्या की धमकियां मिलीं, अंत में लेना पड़ा संन्यास