मुंगेर में मंदिर में करंट लगने से बिहार पुलिस जवान समेत दो दोस्तों की दर्दनाक मौत
मुंगेर (बिहार)। बरियारपुर प्रखंड की रतनपुर पंचायत में रविवार सुबह बजरंगबली मंदिर में बिजली का तार जोड़ने के दौरान करंट लगने से दो दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में बिहार पुलिस के जवान अमन कुमार और रेलवे के ग्रुप-डी कर्मचारी पंकज कुमार शामिल हैं।
पूरे गांव में शोक की लहर
घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। रतनपुर के मुखिया पति मनीष कुमार ने बताया कि नाई पोखर स्थित बजरंगबली मंदिर में बिजली का तार जोड़ने के दौरान अमन कुमार अचानक नंगे बिजली के तार की चपेट में आ गए। उन्हें करंट से तड़पता देख उनके दोस्त पंकज कुमार बचाने के लिए दौड़े, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गए। दोनों गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही दम तोड़ दिया।
दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए
घटना की सूचना मिलते ही बरियारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मुंगेर भेज दिया। एक साथ दो युवकों की मौत से रतनपुर गांव में मातम पसरा है। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
यह भी पढ़ें: उमरिया में सड़क हादसे में आरक्षक की मौत, अज्ञात वाहन की टक्कर से गई जान