बिजनौर के थाना नगीना क्षेत्र में दो दिन से लापता 1

बिजनौर: तालाब में मिला 2 दिन से लापता 12 वर्षीय बच्चे का शव, पुलिस जांच में जुटी

तालाब किनारे मिला शव

बिजनौर (उत्तर प्रदेश)। जनपद के थाना नगीना क्षेत्र के ग्राम अलीपुर गंगा उर्फ सराय के तालाब में आज 12 साल के बच्चे का शव बरामद हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शव को अपने कब्जे में लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

दो दिन पूर्व घर से खेलने के लिए निकला था मृतक किशोर

जानकारी के मुताबिक, 12 वर्षीय मृतक किशोर 2 दिन पूर्व घर से खेलने के लिए निकला था। जब वह देर शाम तक घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कुछ पता नहीं चला, तो परिवार वालों ने स्थानीय थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। आज सुबह जब ग्रामीण तालाब की तरफ गए, तो उन्होंने शव को पानी में देखा।

हर एंगल से इस मामले की जांच जारी

पुलिस प्रशासन का कहना है कि वे हर एंगल से इस मामले की जांच कर रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा कि यह एक हादसा था या फिर इसके पीछे कोई साजिश या आपराधिक मामला है। 

बच्चे के दोस्तों से भी पूछताछ

फिलहाल पुलिस गांव के लोगों और बच्चे के दोस्तों से पूछताछ कर रही है। 12 वर्षीय किशोर के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बिजनौर भिजवा दिया गया है। पुलिस घटना की जांच पड़ताल में जुटी हुई है। वहीं घटना से मृतक बच्चे के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है और गांव में सनसनी फैल गई है।

यह भी पढ़ेंः आजमगढ़ की बिलरियागंज पुलिस ने 23.411 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ तीन तस्करों को किया गिरफ्तार