छह दिन से लापता था बिजनौर का हेमेंद्र, खेत में पेड़ से लटका मिला शव; परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
बिजनौर {उत्तर प्रदेश}: बिजनौर जनपद के हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र के ग्राम सुदनीपुर रावटी निवासी 50 वर्षीय हेमेंद्र उर्फ भोला का शव खेत में पेड़ से लटका मिला। व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बिजनौर भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। मृतक की बेटी पूजा ने बताया कि उनके पिता छह दिन पहले नए कपड़े पहनकर पेट्रोल पंप पर दावत होने की बात कहकर घर से निकले थे। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटे। परिजनों ने पेट्रोल पंप पर पहुंचकर जानकारी ली। पेट्रोल पंप मालिक ने बताया कि हेमेंद्र उर्फ भोला सलाहपुर में पंडित जी के यहां गए हैं।
पंडित के घर पर मिली बाइक
परिजनों के अनुसार, जब वे पंडित के घर पहुंचे तो वहां हेमेंद्र की बाइक खड़ी मिली। आरोप है कि पंडित ने बाइक देने से इनकार कर दिया। इसके बाद परिजन हेमेंद्र की तलाश करते रहे। छह दिन बाद उनका शव उसी खेत में पेड़ से लटका मिला। शव मिलने की सूचना से परिजनों के होश उड़ गए और परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
मृतक की बेटी और अन्य परिजनों ने पंडित और पेट्रोल पंप मालिक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बिजनौर भेज दिया है। पुलिस परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।
ये भी पढ़ें: अंबाह पुलिस ने चोरी की वारदातों का किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार और 3 लाख का मशरूका बरामद