इंटर की टेस्ट परीक्षा देने जा रही दो छात्राओं पर बाइक सवार बदमाशों ने किया ब्लेड से हमला
मुजफ्फरपुर: बिहार के जमुई में छात्रा से दुर्व्यवहार का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ, कि मुजफ्फरपुर में फिर छात्राएं बदमाशों के हमले का शिकार बन गईं। जिले के बरूराज थाना क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों का दुस्साहस देखने को मिला। स्कूल में इंटरमीडिएट की टेस्ट परीक्षा देने जा रही दो छात्राओं पर मोटरसाइकिल सवार अज्ञात बदमाशों ने ब्लेड से हमला कर दिया। हमले में दोनों छात्राएं गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गईं। अचानक हुई इस वारदात से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
पुलिस ने शुरू की आरोपियों की पहचान
पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, बरुराज थाना क्षेत्र के मनोहर छपरा-छत्रपट्टी के बीच चोरबन पुलिया के पास सोमवार को साइकिल से परीक्षा देने जा रही दो छात्राओं पर बाइक सवार बदमाशों ने अचानक ब्लेड से हमला कर दिया। घायल छात्राओं की पहचान कंचन कुमारी और अंजू कुमारी के रूप में हुई है। अंजू की गर्दन और पीठ पर जबकि कंचन के हाथ में लगी है।
नजदीकी अस्पताल में कराया गया प्राथमिक उपचार
हमले के बाद दोनों छात्राएं लहूलुहान हो गईं। घटना के बाद बाइक सवार बदमाश फरार हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। घटना की सूचना मिलते ही बरुराज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल हमले के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।
टेस्ट परीक्षा देने जा रही थीं छात्रा
घायल छात्राओं ने पुलिस को बताया कि वे मनोहर छपरा स्थित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में इंटर की टेस्ट परीक्षा देने जा रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार बदमाश पीछे से आए और ब्लेड से हमला कर फरार हो गए। मामले में एसडीपीओ पश्चिमी सुचित्रा कुमारी ने बताया कि स्कूल जा रही दो छात्राओं पर बाइक सवार व्यक्ति द्वारा ब्लेड से प्रहार किए जाने की सूचना मिली थी। दोनों छात्राओं का प्राथमिक उपचार कराया गया है। इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें- मुरैना जिला अस्पताल के जच्चा-बच्चा वार्ड में अचानक गिरी सीलिंग, हादसे में महिला अटेंडर घायल; टली बड़ी अनहोनी