सिंगरौली जिले में सड़क हादसों का कहर थमने का नाम न

सिंगरौली में खड़े डंपर से टकराई तेज रफ्तार बाइक, युवक की मौत

Bike Crashes Into Parked Dumper, One Dead in Singrauli

​सिंगरौली (मध्यप्रदेश)। ​सिंगरौली जिले में सड़क हादसों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला तियरा क्षेत्र का है, जहाँ देर रात सड़क किनारे खड़े एक डंपर में पीछे से बाइक जा टकराई। इस भीषण दुर्घटना में परसदेही निवासी मनोज साहू की मौत हो गई, जबकि उनका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया है। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने जिला अस्पताल में जमकर हंगामा किया।

तेज हेडलाइट बनी हादसे की वजह

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मनोज साहू अपने साथी के साथ बाइक से कहीं जा रहे थे। रात करीब 8:30 बजे जैसे ही वे तियरा क्षेत्र से गुजर रहे थे, सामने से आ रहे किसी वाहन की तेज हेडलाइट उनकी आंखों पर पड़ी। रोशनी के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे खड़े एक डंपर से जा टकराए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

मौत की खबर पर अस्पताल में हंगामा

​आस-पास के लोगों ने आनन-फानन में घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ डॉक्टरों ने मनोज साहू को मृत घोषित कर दिया। साथी का इलाज अभी जारी है। जैसे ही मौत की खबर परिजनों को मिली, बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन अस्पताल पहुँच गए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे की सूचना मिलते ही तहसीलदार सविता यादव, कोतवाली टीआई अशोक सिंह परिहार, नवानगर और विंध्यनगर टीआई सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुँचा। अधिकारियों ने परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया।

यह भी पढ़ें: बोरतलाव पंचायत में सरपंच पर धमकी-मारपीट के आरोप, अविश्वास प्रस्ताव से पहले गांव में बवाल