घाटमपुर में तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार की मौत, ग्रामीणों ने किया जाम
घाटमपुर (उत्तर प्रदेश)। परास-बरीपाल लिंक मार्ग पर परास गांव के पास शुक्रवार देर शाम तेज रफ्तार ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार को कुचल दिया। हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर मौके से फरार हो गया।
पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने मारी टक्कर
मृतक की पहचान किर्राव गांव निवासी प्रह्लाद उम्र 50 वर्ष के रूप में हुई है। बताया गया कि प्रहलाद अपने चाचा के परिवार से मिलने परास गांव आए थे। वहां से वापस अपने गांव किर्राव लौट रहे थे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें टक्कर मार दी।
प्रह्लाद की मौके पर ही मौत
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने परास-बरीपाल लिंक मार्ग पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के बीच से भारी वाहनों के बेरोकटोक निकलने से आए दिन हादसे हो रहे हैं।
गांव के अंदर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग
उन्होंने गांव के अंदर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग को लेकर विरोध किया। सूचना पर पहुंची घाटमपुर थाने की पुलिस ने आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और जाम खुलवाया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश और ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें: औरंगाबाद में विद्युत करंट की चपेट में आने से महिला की मौत, परिजनों में मचा कोहराम