चंदौली में जन्मदिन के पटाखों से दुकान में लगी आग, दुकानदार का 2 लाख से अधिक का नुकसान
चंदौली (उत्तर प्रदेश)। पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के अलीनगर थाना क्षेत्र में रविवार की देर रात करीब 1:30 बजे जन्मदिन मनाने के दौरान पटाखा छोड़ने से एक दुकानदार की दुकान में आग लगने और भारी नुकसान होने का मामला सामने आया है। पीड़ित दुकानदार जितेंद्र गुप्ता उर्फ कल्लू ने मनीष सेठ और उसके दोस्तों पर जानबूझकर दुकान को निशाना बनाकर आसमानी शॉट पटाखा छोड़ने का आरोप लगाया है। जितेंद्र गुप्ता की दुकान पर दीपावली के अवसर पर लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, सजावट के सामान, बच्चों की फुलझड़ियां और अन्य पटाखे बिक्री के लिए रखे गए थे। पीड़ित के अनुसार, देर रात मनीष सेठ अपने करीब 10 से 15 दोस्तों के साथ बुलेट आदि वाहनों से पहुंचे थे। सभी जन्मदिन मना रहे थे और सड़क पर आसमानी शॉट पटाखे छोड़ रहे थे।
12 शॉट वाला पटाखा दुकान की ओर छोड़ा
इसी दौरान 12 शॉट वाला पटाखा उनकी दुकान की ओर छोड़ दिया गया, जिससे दुकान में रखे सामान को भारी नुकसान पहुंचा। आरोप है कि घटना के बाद युवक तालियां बजाकर हंसते हुए वहां से चले गए। पीड़ित का कहना है कि इस तरह की घटना पहले भी कई बार हो चुकी है और उन्हें लगातार परेशान किया जाता रहा है। उन्होंने बताया कि दुकान में करीब डेढ़ से दो लाख रुपये से अधिक का सामान जलकर बर्बाद हो गया। इसके अलावा दिनभर की बिक्री के लगभग 30 से 40 हजार रुपये नकद भी नुकसान में शामिल हैं।
मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
जितेंद्र गुप्ता ने बताया कि उन्होंने कर्ज लेकर और पत्नी के गहने तक बंधक रखकर दीपावली के लिए दुकान में सामान जुटाया था। इसी दुकान से परिवार की रोजी-रोटी चलती है। घटना के बाद से वह आर्थिक संकट में हैं। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई करने और नुकसान की भरपाई कराने और न्याय दिलाने की मांग की है।
यह भी पढ़ेंः इटावा में मेडिकल स्टोर में भीषण आग, लाखों की दवाइयां और सामान जलकर राख