महायुति 29 में से 23 नगर निगमों में आगे, अमित शाह बोले - 'पीएम मोदी के नेतृत्व वाली NDA की विकासनीति'
Maharashtra Municipal Corporation : रुझानों में महायुति को 29 नगर निगमों में से 23 में बढ़त है. मुंबई के बृहन्मुंबई नगर निगम में भाजपा और शिवसेना शिंदे अलायंस को कुल 227 सीटों में से 118 सीटों पर बढ़त है. इसके साथ ही नागपुर, ठाणे, नवी मुंबई, नासिक और पिंपरी चिंचवाड में भी भाजपा गठबंधन को बढ़त है. लातूर में कांग्रेस को जीत मिली है. कांग्रेस ने 70 में से 43 सीटें जीतीं हैं.
चंद्रपुर में भी कांग्रेस आगे है. परभणी नगर निगम में शिवसेना उद्धव आगे चल रहे हैं. वसई विरार में बहुजन विकास अगाड़ी (VBA) और मालेगांव में शिवसेना (शिंदे) को बढ़त है. शुक्रवार को नगर निगम चुनाव सुबह 10 से काउंटिंग चल रही है.
15 जनवरी को नगर निगम चुनाव के लिए वोटिंग हुई थी. 893 वार्डों में कुल 15,931 प्रत्याशी मैदान में हैं. नगर निगम की कुल सीटों की बात करें तो 2869 सीटें हैं. 68 उम्मीदवार निर्विरोध जीत चुके हैं.
अमित शाह ने लिखा कि महाराष्ट्र के नगर निगम चुनावों में भाजपा-शिवसेना गठबंधन की प्रचंड जीत यह बताती है कि देश के कोने-कोने की जनता का विश्वास और सिर्फ पीएम मोदी के नेतृत्व वाली NDA की विकासनीति पर है.
'पीएम मोदी और सीएम फडणवीस ने जो विकास किया, उसकी जीत हुई'
BMC चुनाव के नतीजों पर महाराष्ट्र सरकार की मंत्री पंकजा गोपीनाथ मुंडे ने कहा, देश में प्रधानमंत्री मोदी और महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने जो विकास किया है उसकी जीत हुई है. लोगों ने हमें वोट दी और हमारा विकास आंखों से दिखता है.
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि महाराष्ट्र में महायुति ने फिर एक बार जनता का विश्वास प्राप्त किया है. अभी तक जो परिणाम आए हैं, उसमें 2/3 सीटों पर महायुति के उम्मीदवार विजयी हो रहे हैं. महाराष्ट्र विकास अघाड़ी को केवल 7-8% सीटों में बढ़त मिली है. यह दर्शाता है कि आज वे जनता का विश्वास खो बैठे हैं. नकारात्मक राजनीति की कोई जगह नहीं है.
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/india/notification-issued-regarding-the-election-of-bjp-national-president/105090