मां विंध्यवासिनी के आशीर्वाद से 2027 में फिर प्रचंड बहुमत से बनेगी भाजपा सरकार: केशव प्रसाद मौर्य
मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने मिर्जापुर स्थित पवित्र धाम विंध्याचल शक्तिपीठ मंदिर में मां विंध्यवासिनी के दर्शन एवं विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। उन्होंने मां विंध्यवासिनी के चरणों में शीश झुकाकर प्रदेश की जनता की सेवा करने की शक्ति और सामर्थ्य प्रदान करने की प्रार्थना की। श्री मौर्य ने कहा कि उन्हें प्रदेश की जनता की सेवा का दायित्व मिला है और मां विंध्यवासिनी से यही कामना है कि वे इस दायित्व का पूरी निष्ठा, ईमानदारी और योग्य ढंग से निर्वाह कर सकें।
क्षेत्रीय वैदिक सम्मेलन में हुए शामिल
इसके उपरांत उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य मिर्जापुर के होटल विंध्य रेजीडेन्सी में आयोजित त्रिदिवसीय क्षेत्रीय वैदिक सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। उन्होंने वैदिक शिक्षा ग्रहण कर रहे छात्र-छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज वैदिक शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थी केवल अपने परिवार और समाज का ही नहीं, बल्कि आने वाले भारत का भविष्य हैं। भारत की महान सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और वैदिक परंपरा को आगे बढ़ाने में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी। श्री मौर्य ने बटुकों से संवाद किया, उनसे वैदिक मंत्रोच्चार सुना और स्वयं का अनुभव साझा किया।
अशोक सिंघल की अंतिम इच्छा का किया जिक्र
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वे हमेशा कहते हैं कि अशोक सिंघल जी की अंतिम इच्छा थी कि घर-घर वैदिक शिक्षा पहुंचे। वैदिक शिक्षा और संस्कारों को जन-जन तक पहुंचाना हमारा संकल्प है। डबल इंजन की भाजपा सरकार वैदिक शिक्षा, भारतीय संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश अपनी गौरवशाली विरासत के साथ आधुनिक विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। सरकार का प्रयास है कि नई पीढ़ी आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा से भी परिचित हो और उसे आगे बढ़ाने का कार्य करे।
मां के आशीर्वाद से 2027 में फिर भाजपा सरकार का दावा
पत्रकारों से वार्ता करते हुए उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उन्हें मां विंध्यवासिनी के दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने मां के चरणों में शीश झुकाकर प्रदेश की जनता की सेवा का दायित्व पूरी निष्ठा से निभाने के लिए आशीर्वाद मांगा है। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि जिस प्रकार वर्ष 2014 से लेकर 2024 तक देश और प्रदेश पर मां विंध्यवासिनी की कृपा रही है, उसी प्रकार 2027 में भी मां के आशीर्वाद से उत्तर प्रदेश में तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार प्रचंड बहुमत के साथ बनेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास की गति इसी प्रकार निरंतर बनी रहेगी और उत्तर प्रदेश विकसित प्रदेश बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा। श्री मौर्य ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने समाज के प्रत्येक वर्ग की सेवा बिना किसी भेदभाव के की है। गरीब कल्याण, किसान कल्याण, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और गरीबों के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य किया गया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनता का आशीर्वाद और समर्थन आगामी विधानसभा चुनाव में भी भारतीय जनता पार्टी एवं उसके सहयोगी दलों को प्राप्त होगा।
दुर्घटनाओं में दोषियों पर होगी कठोर कार्रवाई
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कहीं भी कोई दुखद दुर्घटना होती है तो उसकी गंभीरता से जांच कराई जाएगी। यदि जांच में कोई व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि किसी कार्य में ठेकेदार की लापरवाही या गड़बड़ी सामने आती है तो उसे भविष्य में ठेकेदारी से वंचित किया जाएगा। जनता की सुरक्षा और विकास कार्यों की गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
अच्छी बारिश से किसानों में खुशहाली, नुकसान का सर्वे
श्री मौर्य ने कहा कि इस वर्ष अच्छी वर्षा हुई है, जिससे किसानों में खुशहाली है और खेती-किसानी को लाभ मिला है। हालांकि कुछ क्षेत्रों में अत्यधिक वर्षा के कारण नुकसान भी हुआ है। ऐसे क्षेत्रों में नुकसान का सर्वे कराया जा रहा है और पात्र प्रभावित लोगों को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है। प्रदेश में नशामुक्ति अभियान को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा। युवाओं को नशे से दूर रखकर उन्हें शिक्षा, रोजगार, खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है।
अखिलेश यादव बयानवीर हो गए हैं: केशव प्रसाद मौर्य
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव द्वारा भाजपा सरकार पर की जा रही बयानबाजी पर उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने तीखा पलटवार करते हुए कहा कि “सूप बोले तो बोले, छलनी न बोले।” उन्होंने कहा कि श्री अखिलेश यादव के कार्यकाल में पूरा उत्तर प्रदेश बर्बादी के कगार पर पहुंच गया था। प्रदेश की सड़कें गड्ढों में तब्दील थीं, बिजली व्यवस्था बदहाल थी, कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त थी और भ्रष्टाचार चरम सीमा पर था। उन्होंने कहा कि उस समय प्रदेश की जनता ने जो स्थिति देखी है, उसे वह भूली नहीं है। श्री मौर्य ने कहा कि आज जब श्री अखिलेश यादव इस प्रकार की बयानबाजी करते हैं तो ऐसा लगता है कि वे “बयानवीर” हो गए हैं। जनता विकास और सुशासन को देख रही है और उसे पूर्ववर्ती सरकार तथा वर्तमान डबल इंजन सरकार के कार्यों का अंतर स्पष्ट दिखाई देता है।
अखिलेश यादव का PDA फर्जी, पिछड़ों-दलितों से धोखेबाजी का आरोप
श्री मौर्य ने कहा कि समाजवादी पार्टी के मुखिया श्री अखिलेश यादव का PDA पूरी तरह फर्जी है। यह पिछड़ों और दलितों को भ्रमित करने तथा उनके साथ धोखेबाजी करने का राजनीतिक प्रयास है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने पिछड़ों और दलितों के हितों के नाम पर लंबे समय तक राजनीति की, लेकिन जब वास्तविक अवसर देने और सशक्त बनाने की बात आई तो इन वर्गों के हितों की अनदेखी की गई। उन्होंने कहा कि जनता समाजवादी पार्टी की इस धोखेबाजी का जवाब एक बार नहीं, बल्कि अनेक बार दे चुकी है। 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता ऐसा जवाब देगी कि समाजवादी पार्टी के नेता सैफई में नजर आएंगे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता विकास, सुशासन, सुरक्षा, गरीब कल्याण और सबका साथ-सबका विकास की नीति के साथ खड़ी है।
सम्मेलन में ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में प्रो. राजाराम शुक्ल, पूर्व कुलपति, सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय, श्री सोहन लाल, उपाध्यक्ष, पिछड़ा वर्ग आयोग; पं. रत्नाकर मिश्र, मा. विधानसभा सदस्य; श्री विनीत सिंह, मा. विधान परिषद सदस्य; श्री लाल बहादुर, जिलाध्यक्ष; श्री श्याम सुंदर केसरी, नगर पालिका अध्यक्ष सहित अन्य गणमान्य नागरिक, विद्वतजन, वैदिक शिक्षा से जुड़े आचार्य एवं बटुक उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें: दिव्यांगजनों के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिलेगा सम्मान, 25 हजार रुपये का पुरस्कार