उज्जैन में खड़े हनुमान मंदिर पहुंचे BJP विधायक, बोले- प्रतिमा नहीं हटनी चाहिए
उज्जैन: उज्जैन के खड़े हनुमान मंदिर में शुक्रवार को भी आस्था का सैलाब देखने को मिला। यहां आम भक्तों के अलावा अन्य राज्यों से भी श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। इसके साथ ही साधु संत, हिंदूवादी संगठन के नेता व जनप्रतिनिधि भी बाबा के दरबार में दर्शन के लिए आ रहे हैं। शुक्रवार दोपहर को भाजपा विधायक चिंतामणि मालवीय खड़े हनुमान मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने बाबा के दर पर मत्था टेका और पुष्प माला अर्पित की।
बाबा के दर्शन कर की प्रदेश के विकास की प्रार्थना
मीडिया से चर्चा में चिंतामणि मालवीय ने कहा कि मैं यहां का नियमित भक्त हूं। दर्शन करने आया था। उज्जैन व प्रदेश के विकास की प्रार्थना की है। प्रतिमा हटाए जाने के विषय पर कहा कि जन भावना यही है कि प्रतिमा नहीं हटाई जाए। जब बाबा महाकाल की सवारी में 8 से 10 लाख लोग यहां से निकले तो कोई परेशानी नहीं हुई। मेरा मानना है कि मुख्यमंत्री को इस पूरे विषय की जानकारी नहीं है। जब उनकी जानकारी में यह विषय आएगा तो वह भी जन भावना के साथ ही होंगे।
शाही मस्जिद को लेकर भी दिया बयान
शाही मस्जिद के मामले में हाईकोर्ट द्वारा याचिका खारिज करने के विषय में कहा कि मुस्लिम जनों को विकास में सहयोग करना चाहिए व शाही मस्जिद का हिस्सा हटाना चाहिए। मंदिर और मस्जिद की तुलना एक साथ नहीं हो सकती है। जब देश का विभाजन हुआ था तो इसी आधार पर पाकिस्तान को बहुत बड़ी जमीन दी गई थी, मस्जिद और मंदिर की तुलना नहीं हो सकती।
यह भी पढ़: सीएम योगी के भरोसे से बढ़ा मनोबल, बेटियों के लिए प्रेरणा बनीं सोनम यादव