सिरोही में भाजपा की जिला स्तरीय बैठक में आगामी नगर

निकाय और पंचायत चुनाव को लेकर BJP की बड़ी बैठक, कार्यकर्ताओं को दिए जरूरी निर्देश

BJP Meeting News

सिरोही: आगामी नगर निकाय एवं पंचायतीराज चुनावों की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी की जिला स्तरीय महत्वपूर्ण बैठक सिरोही स्थित कृष्णा होटल में आयोजित हुई। बैठक में राजस्थान प्राधिकरण बोर्ड अध्यक्ष एवं चुनाव संचालन समिति के प्रभारी ओंकार सिंह लखावत, किसान बोर्ड अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री सी.आर. चौधरी, राज्यमंत्री ओटाराम देवासी, पूर्व विधायक हेमराज मीणा, प्रदेश मंत्री नारायण पुरोहित और भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. रक्षा भंडारी सहित जिले के जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

संगठन की सबसे बड़ी ताकत होती है कार्यकर्ताओं की एकजुटता

बैठक को संबोधित करते हुए ओंकार सिंह लखावत ने कहा कि आगामी चुनावों में टिकट वितरण के दौरान जिताऊ और टिकाऊ कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि संगठन की सबसे बड़ी ताकत कार्यकर्ताओं की एकजुटता है और व्यक्तिगत निष्ठा से ऊपर संगठन हित को रखा जाना चाहिए। प्रत्याशी घोषित होने के बाद सभी कार्यकर्ताओं को पूरी निष्ठा के साथ उसकी जीत सुनिश्चित करने के लिए कार्य करना होगा। उन्होंने बूथ एवं मंडल स्तर पर संयोजकों की नियुक्ति कर चुनावी प्रबंधन को मजबूत बनाने के निर्देश भी दिए।

बूथ स्तर पर संगठन मजबूती और जनसंपर्क पर दिया जोर

पूर्व मंत्री सी.आर. चौधरी ने कहा कि भाजपा की वास्तविक ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने और समन्वय के साथ चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। पूर्व विधायक हेमराज मीणा ने कहा कि निकाय एवं पंचायत चुनाव स्थानीय मुद्दों पर आधारित होते हैं। इसलिए बूथ स्तर तक प्रभावी रणनीति बनाकर जनता से सीधा संवाद स्थापित करना आवश्यक है।

बूथ सशक्तिकरण और चुनावी रणनीति पर भाजपा का मंथन

राज्यमंत्री ओटाराम देवासी ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और प्रत्येक कार्यकर्ता को सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. रक्षा भंडारी ने बूथ सशक्तिकरण, मतदाता संपर्क अभियान, पन्ना प्रमुखों की सक्रियता तथा संगठन विस्तार की विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत की। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी रोहित खत्री ने बताया कि बैठक में चुनावी रणनीति, संगठनात्मक विषयों एवं आगामी कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक का संचालन जिला महामंत्री गणपत सिंह राठौड़ ने किया। 

ये भी पढ़ें- मऊगंज अस्पताल की बड़ी लापरवाही, डॉक्टर न मिलने पर माली ने लगाए मरीज के सिर में टांके